

Copyright © 2026 rights reserved by Inkquest Media
अन्य समाचार

Under the Congress party's 'Sangathan Srijan Abhiyan' (Organization Building Campaign), Block Congress Presidents will now also be provided with training.
चुनावी मिशन की कवायदों के बीच अब कांग्रेस के निचले स्तर के कैडर को प्रशिक्षित करने की तैयारी है। कांग्रेस के संगठन सृजन अभियान के तहत जिला कांग्रेस अध्यक्षों के प्रशिक्षण के बाद अब इसी तर्ज पर सभी ब्लॉक कांग्रेस अध्यक्षों के लिए भी प्रशिक्षण सत्र आयोजित किया जाएगा। बीसीसी अध्यक्षों को संगठनात्मक टिप्स देने के साथ-साथ अलग-अलग अहम विषयों पर प्रशिक्षण देने के लिए दिल्ली से विशेषज्ञ आएंगे। इसके अलावा प्रदेश कांग्रेस में संबंधित विषयों के जानकार वरिष्ठ नेता भी ब्लॉक अध्यक्षों की क्लास लेंगे। इसके साथ ही प्रदेश के वरिष्ठ नेता भी किसी एक दिन वहां पहुंचेंगे। एआईसीसी के निर्देश पर प्रदेश कांग्रेस संगठन बस्तर संभाग से इसकी शुरुआत करेगा।
संगठन सृजन अभियान के तहत ब्लॉक कांग्रेस अध्यक्षों का संभागवार प्रशिक्षण शिविर लगाया जाएगा। बस्तर संभाग के लिए प्रशिक्षण कार्यक्रम 30 अगस्त से शुरु होकर एक सितंबर तक चलेगा। सभी संभागों में तीन-तीन दिनों का ही सत्र आयोजित किया जाएगा। दरअसल, कांग्रेस संगठन चुनावी मिशन को लेकर पहले निचले स्तर पर सभी कमेटियों को दुरुस्त करने और मुद्दों पर अपडेट करने के साथ-साथ संगठनात्मक तैयारियों पर जोर दे रही है। जिला कांग्रेस कमेटियों की तर्ज पर ब्लॉक कमेटियां भी अपनी गतिविधियां तेज करेगी। सूत्रों के मुताबिक ब्लॉक स्तरीय सभी संभागों के प्रशिक्षण सत्र सितम्बर माह में पूरे कर लिए जाएंगे। इसके बाद ब्लॉक कमेटियों की सक्रियता और जिला कांग्रेस कमेटियों से तालमेल बनाने की कोशिशें भी की जाएंगी।
इसके पहले कई जिलों में जिला और ब्लॉक कमेटियों के बीच समन्वय नहीं होने से खींचतान की स्थिति निर्मित होती रही है। पार्टी के योजनाकारों ने चुनाव से पहले सभी स्तरों पर सक्रियता बढ़ाने के साथ ही कैडर की मजबूती पर भी जोर दिया है।चुनाव के दौरान सभी विधानसभा क्षेत्रों में जिला, ब्लॉक और मंडल कांग्रेस कमेटियों पर ही बड़ी जिम्मेदारी होगी। बस्तर संभाग के बाद दुर्ग संभाग के ब्लॉकों में प्रशिक्षण दिया जाएगा। इसके बाद बिलासपुर और अंत में रायपुर संभाग के ब्लॉक अध्यक्षों का प्रशिक्षण सत्र आयोजित करने की तैयारी है।
आपको बता दें, कि बीसीसी के बाद पहली बार गठित मंडल कांग्रेस कमेटियों को भी प्रशिक्षित कर चुनावी तैयारियों में झोंकने की योजना है। वरिष्ठ पदाधिकारियों के अनुसार, वार्ड और बूथ स्तर पर भी इसी तरह के प्रशिक्षण पर विचार किया गया है। संगठन सृजन अभियान के तहत यह भी संकेत दिए गए हैं, कि प्रत्याशी चयन के मामले में जिला कांग्रेस अध्यक्षों के अलावा ब्लॉक अध्यक्षों की भी राय ली जाएगी।
इसके अलावा आपको ये भी बता दें, कि पीसीसी के मोर्चा संगठनों, प्रकोष्ठों और विभागों में नियुक्तियों को लेकर भेजा गया प्रस्ताव फिलहाल लंबित है। इन नई नियुक्तियों को भी चुनावी तैयारियों से जोड़कर देखा जा रहा है। नियुक्तियों से पहले प्रदेश के चुनिंदा दिग्गज नेताओं से रायशुमारी के बाद ही सूची पर मुहर लगेगी।