

Copyright © 2026 rights reserved by Inkquest Media
अन्य समाचार

Weather Update: Heat wave hits Chhattisgarh again: Rajnandgaon is the hottest city, Raipur is also in bad shape
रायपुर। छत्तीसगढ़ में गर्मी ने एक बार फिर आक्रामक रूप दिखाना शुरू कर दिया है। बीते 24 घंटों में तापमान में करीब 2 डिग्री की बढ़ोतरी दर्ज की गई, जिससे आम जनजीवन पर सीधा असर पड़ा है। सबसे अधिक तापमान राजनांदगांव में 44.5 डिग्री सेल्सियस रिकॉर्ड किया गया, जबकि राजधानी रायपुर में पारा 43.4 डिग्री तक पहुंच गया, जो सामान्य से करीब 3 डिग्री ज्यादा है।
हर शहर में तपिश का असर, कई जगह 43 डिग्री के पार पारा
मौसम विभाग के आंकड़े बताते हैं कि बिलासपुर में 43.6, माना एयरपोर्ट और दुर्ग में 42.8 डिग्री तापमान दर्ज किया गया। पेण्ड्रारोड में भी पारा 40.9 डिग्री तक पहुंच गया। वहीं अंबिकापुर में न्यूनतम तापमान 20.5 डिग्री रहा, जो प्रदेश में सबसे कम दर्ज हुआ। अधिकांश शहरों में तापमान सामान्य से 2 से 3 डिग्री अधिक बना हुआ है, जिससे गर्मी की तीव्रता और बढ़ गई है।
लू का अलर्ट जारी, दोपहर में बाहर निकलना खतरनाक
मौसम विभाग ने आने वाले दो दिनों के लिए लू चलने की चेतावनी जारी की है। विशेषज्ञों का कहना है कि दोपहर के समय धूप में निकलना स्वास्थ्य के लिए जोखिम भरा हो सकता है। लोगों को पर्याप्त पानी पीने और अनावश्यक रूप से बाहर जाने से बचने की सलाह दी गई है।
मौसम में बदलाव के संकेत, लेकिन राहत अभी दूर
कुछ इलाकों में हल्की बारिश और गरज-चमक के साथ तेज हवाएं चलने की संभावना जताई गई है, जिनकी रफ्तार 30 से 40 किलोमीटर प्रति घंटे तक हो सकती है। हालांकि इससे व्यापक राहत मिलने की उम्मीद कम है। शनिवार को अधिकतम तापमान 44 डिग्री के आसपास रहने का अनुमान है।
मौसम की चाल के पीछे ये बड़े कारण
मौसम वैज्ञानिकों के अनुसार पूर्वी क्षेत्र से दक्षिण बांग्लादेश तक फैली द्रोणिका और महाराष्ट्र के आसपास सक्रिय चक्रवातीय सिस्टम के कारण प्रदेश में गर्म और शुष्क हवाओं का प्रभाव बढ़ गया है। इससे तापमान में लगातार उछाल देखा जा रहा है। 26 अप्रैल के बाद दक्षिण बस्तर के कुछ हिस्सों में हल्की राहत मिल सकती है।
बच्चों की सुरक्षा के लिए बदला आंगनबाड़ी का समय
गर्मी और लू के बढ़ते असर को देखते हुए आंगनबाड़ी केंद्रों के संचालन समय में बदलाव किया गया है। अब 1 अप्रैल से 30 जून तक ये केंद्र सुबह 7 बजे से 11 बजे तक ही संचालित होंगे, जबकि बच्चों की उपस्थिति सुबह 9 बजे तक सुनिश्चित की जाएगी। यह फैसला बच्चों को भीषण गर्मी से बचाने के उद्देश्य से लिया गया है।
43 डिग्री के पार पहुंचा पारा, कई राज्यों में हालात गंभीर
नई दिल्ली। देश के अधिकांश हिस्से इस समय भीषण गर्मी और लू की चपेट में हैं। छत्तीसगढ़ सहित 10 राज्यों के 36 शहरों में तापमान 43 डिग्री सेल्सियस से ऊपर पहुंच चुका है। प्रयागराज में सबसे अधिक 45.2 डिग्री तापमान दर्ज किया गया, जबकि महाराष्ट्र के अकोला और ओडिशा के झारसुगुड़ा में भी पारा 45 और 44.8 डिग्री तक पहुंच गया।
उत्तर भारत में लू का रेड अलर्ट, आने वाले दिन और कठिन
हरियाणा, पंजाब, दिल्ली, राजस्थान और उत्तर प्रदेश में कई स्थानों पर लू का प्रकोप जारी है। मौसम विभाग के अनुसार उत्तर-पश्चिम और मध्य भारत में अगले 3 से 4 दिन तक हीटवेव जारी रह सकती है। कई क्षेत्रों में तापमान सामान्य से 5 डिग्री तक अधिक चल रहा है।
यूवी रेडिएशन भी बना खतरा, धूप में रहना पड़ सकता है भारी
तेज धूप और साफ आसमान के कारण कई शहरों में अल्ट्रावायलेट रेडिएशन खतरनाक स्तर तक पहुंच गया है। सुबह 10 बजे से दोपहर 3 बजे के बीच इसका असर सबसे अधिक होता है। लंबे समय तक धूप में रहने से त्वचा और आंखों से जुड़ी समस्याएं बढ़ सकती हैं।
पूर्वी भारत में मौसम बदलेगा, आंधी और बारिश के संकेत
पूर्व और पूर्वोत्तर भारत में मौसम में बदलाव के संकेत मिल रहे हैं। पश्चिम बंगाल, सिक्किम, झारखंड और बिहार में अगले कुछ दिनों में आंधी, बारिश और तेज हवाओं की संभावना जताई गई है। कुछ इलाकों में ओलावृष्टि का भी अलर्ट जारी किया गया है।
मई से अल नीनो की दस्तक, मानसून पर पड़ सकता है असर
विश्व मौसम संगठन के नए अनुमान के अनुसार इस साल अल नीनो की स्थिति मई से ही बनने की आशंका है। इसका सीधा असर मानसून पर पड़ सकता है और बारिश सामान्य से कम रहने की संभावना जताई जा रही है। इससे आने वाले महीनों में गर्मी और सूखे की स्थिति और चुनौतीपूर्ण हो सकती है।