

Copyright © 2026 rights reserved by Inkquest Media
अन्य समाचार

Chhattisgarh Weather: Weather changes course; rain alert issued in 11 states, hailstorms and thunderstorms wreak havoc in many places.
नई दिल्ली। देशभर में गर्मी की शुरुआत के बीच मौसम ने एक बार फिर करवट ले ली है। भारत मौसम विज्ञान विभाग ने शनिवार को दिल्ली, पंजाब समेत 11 राज्यों में तेज बारिश, आंधी और ओलावृष्टि का अलर्ट जारी किया है।
मध्य प्रदेश और राजस्थान में मौसम का असर
मध्य प्रदेश में शुक्रवार को 36 जिलों में बारिश दर्ज की गई, वहीं आज कई इलाकों में ओले गिरने की संभावना जताई गई है। साइक्लोनिक सर्कुलेशन के चलते भोपाल और ग्वालियर समेत 45 जिलों में आंधी-बारिश का अलर्ट है।
राजस्थान में जैसलमेर और बीकानेर जैसे रेगिस्तानी जिलों में भी ओले गिरे। अजमेर और ब्यावर में तेज आंधी से पेड़ गिर गए और टीनशेड उड़ गए। मौसम विभाग ने अगले तीन दिनों तक ऐसे ही हालात बने रहने की संभावना जताई है।
उत्तर प्रदेश में नुकसान, बिजली गिरने से मौतें
उत्तर प्रदेश के कोसीकला अनाज मंडी में बारिश से 5 हजार क्विंटल गेहूं भीग गया। वहीं राज्य में अलग-अलग स्थानों पर बिजली गिरने से 5 लोगों की मौत हो चुकी है। आगरा-मथुरा समेत कई जिलों में ओले गिरने और तेज हवाएं चलने का अलर्ट है।
पहाड़ी राज्यों में बारिश और बर्फबारी
शिमला में तेज तूफान के साथ हल्की बारिश हुई, जबकि लाहौल-स्पीति के ऊंचे इलाकों में बर्फबारी दर्ज की गई। केदारनाथ में भी ताजा बर्फबारी हुई है। हिमाचल प्रदेश के कई जिलों में ओले और तूफान का ऑरेंज अलर्ट जारी किया गया है।
पंजाब-हरियाणा में तापमान में गिरावट
पंजाब और चंडीगढ़ में लगातार हो रही बारिश के कारण तापमान में 5.4 डिग्री तक गिरावट दर्ज की गई है। मौसम विभाग ने यहां भी आंधी-तूफान का अलर्ट जारी किया है।
अगले दो दिन का पूर्वानुमान
5 और 6 अप्रैल को उत्तराखंड, हिमाचल प्रदेश, जम्मू-कश्मीर, राजस्थान, महाराष्ट्र, पंजाब, दिल्ली, हरियाणा, बिहार, केरल, आंध्र प्रदेश, तेलंगाना, कर्नाटक और पूर्वोत्तर राज्यों में बारिश की संभावना है। मध्य प्रदेश, छत्तीसगढ़, उत्तर प्रदेश और राजस्थान में ओलावृष्टि की चेतावनी दी गई है, जबकि तमिलनाडु में बिजली गिरने की आशंका जताई गई है।