

Copyright © 2026 rights reserved by Inkquest Media
अन्य समाचार

Weather changes in Chhattisgarh, chances of thunderstorm and rain for next 5 days
रायपुर। छत्तीसगढ़ में मौसम का मिजाज तेजी से बदल रहा है। दक्षिणी क्षेत्रों के बाद अब प्रदेश के मध्य इलाकों में भी अंधड़ और बारिश की स्थिति देखने को मिल रही है। आसमान में बादल छाए रहने के कारण अधिकतम तापमान में गिरावट दर्ज की गई है। गुरुवार को प्रदेश के कई हिस्सों में बादल गरजने की गतिविधियां भी देखी गईं।
मौसम विभाग ने अगले पांच दिनों तक सभी संभागों में एक-दो स्थानों पर तेज हवाओं, गरज-चमक, वज्रपात और हल्की बारिश की संभावना जताई है।
पिछले 24 घंटों में कैसा रहा मौसम?
बीते 24 घंटों के दौरान प्रदेश के एक-दो स्थानों पर हल्की बारिश दर्ज की गई। सबसे अधिक तापमान दुर्ग में 43.6 डिग्री सेल्सियस रिकॉर्ड किया गया, जबकि सबसे कम न्यूनतम तापमान अंबिकापुर में 24.1 डिग्री सेल्सियस रहा। मौसम विभाग के अनुसार, आने वाले दिनों में तापमान में गिरावट का सिलसिला जारी रह सकता है।
तेज हवाओं और वज्रपात की चेतावनी
मौसम विभाग ने शुक्रवार को प्रदेश के कुछ इलाकों में गरज-चमक के साथ वज्रपात और 40 से 50 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार से तेज हवाएं चलने की चेतावनी जारी की है। इसके साथ ही दो दिन बाद हल्की बारिश होने की संभावना भी जताई गई है।
रायपुर में आज कैसा रहेगा मौसम?
राजधानी रायपुर में शुक्रवार को आसमान में बादल छाए रहने और गरज-चमक के साथ हल्की बारिश होने की संभावना है। मौसम विभाग के मुताबिक, शहर का अधिकतम तापमान करीब 42 डिग्री सेल्सियस और न्यूनतम तापमान लगभग 30 डिग्री सेल्सियस रह सकता है।
इन मौसम प्रणालियों का दिख रहा असर
मौसम विभाग के अनुसार, कश्मीर और उसके आसपास एक पश्चिमी विक्षोभ सक्रिय है। इसके अलावा उत्तर-पूर्व उत्तर प्रदेश के आसपास 1.5 किलोमीटर ऊंचाई तक ऊपरी हवा का चक्रीय चक्रवाती परिसंचरण बना हुआ है।
वहीं, दक्षिण-पूर्व उत्तर प्रदेश से उत्तर अंदरूनी ओडिशा तक छत्तीसगढ़ होते हुए 0.9 किलोमीटर ऊंचाई तक एक द्रोणिका फैली हुई है। इन मौसमी प्रणालियों के प्रभाव से प्रदेश के कई हिस्सों में हल्की बारिश, गरज-चमक, अंधड़ और वज्रपात की स्थिति बन रही है। मौसम विभाग का कहना है कि इन परिस्थितियों के चलते प्रदेश में अधिकतम तापमान में गिरावट का दौर अगले कुछ दिनों तक जारी रह सकता है।