

Copyright © 2026 rights reserved by Inkquest Media
अन्य समाचार

Weather takes a turn in Chhattisgarh; heavy rain alert issued for several districts, including Raipur.
रायपुर। बंगाल की खाड़ी में बने कम दबाव के क्षेत्र के प्रभाव से छत्तीसगढ़ में मौसम का मिजाज बदल गया है। राजधानी रायपुर समेत प्रदेश के कई हिस्सों में सुबह से आसमान में बादल छाए हुए हैं और बारिश का दौर जारी है। बारिश के कारण रायपुर की कई सड़कों पर जलभराव की स्थिति बन गई है। मौसम विभाग के अनुसार अगले तीन दिनों तक प्रदेश के अधिकांश हिस्सों में बारिश जारी रहने की संभावना है। वहीं उत्तर छत्तीसगढ़ में कुछ स्थानों पर भारी बारिश हो सकती है।
राजधानी रायपुर में सोमवार सुबह से ही मौसम बदला हुआ नजर आया। आसमान में घने काले बादल छाए रहे और कई इलाकों में हल्की से मध्यम बारिश हुई। लगातार बारिश के कारण कुछ सड़कों पर पानी जमा हो गया। मौसम विभाग ने रायपुर में भी बारिश की संभावना जताई है। शहर में अधिकतम तापमान करीब 28 डिग्री सेल्सियस और न्यूनतम तापमान 24 डिग्री सेल्सियस के आसपास रहने का अनुमान है।
मौसम विभाग के मुताबिक उत्तर-पश्चिम बंगाल की खाड़ी और उससे लगे उत्तरी ओडिशा के तटों पर बना कम दबाव का क्षेत्र अब उसी इलाके में अच्छी तरह से चिन्हित निम्न दबाव क्षेत्र में बदल गया है। इसके अगले 24 घंटे में और मजबूत होकर अवदाब (डिप्रेशन) में बदलने की संभावना है।
इस मौसम प्रणाली के प्रभाव से अगले तीन दिनों तक छत्तीसगढ़ के अधिकांश हिस्सों में बारिश का सिलसिला जारी रहने के आसार हैं। उत्तर छत्तीसगढ़ में कुछ स्थानों पर भारी वर्षा भी हो सकती है।
मौसम विभाग ने प्रदेश के कई जिलों में भारी बारिश के साथ 30 से 40 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार से तेज हवा चलने की संभावना जताई है। धमतरी, बालोद, राजनांदगांव, गरियाबंद, महासमुंद, रायपुर, बलौदा बाजार, जांजगीर-चांपा, रायगढ़, बिलासपुर, कोरबा, जशपुर, गौरेला-पेंड्रा-मरवाही, दुर्ग, बेमेतरा, कबीरधाम, मुंगेली, सरगुजा, सूरजपुर, कोरिया और बलरामपुर में भारी बारिश को लेकर अलर्ट जारी किया गया है।
वहीं सुकमा, बीजापुर, दक्षिण बस्तर दंतेवाड़ा, बस्तर, नारायणपुर, कोंडागांव, उत्तर बस्तर कांकेर समेत कई इलाकों में मध्यम बारिश होने की संभावना है।
पिछले 24 घंटे के दौरान प्रदेश के अधिकांश स्थानों पर बारिश दर्ज की गई। उत्तर और मध्य छत्तीसगढ़ के एक-दो स्थानों पर भारी वर्षा हुई। प्रदेश में सर्वाधिक अधिकतम तापमान पेंड्रा रोड में 32.8 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया। अब तक की मौसमी सब-डिविजनल वर्षा सामान्य रही है और इसमें सामान्य से करीब 9 प्रतिशत की कमी दर्ज की गई है।
रविवार को प्रदेश में सबसे ज्यादा बारिश भैसमा और लवन में 9-9 सेंटीमीटर दर्ज की गई। ओडगी में 8 सेंटीमीटर और कोटाडोल में 7 सेंटीमीटर बारिश हुई।
इसके अलावा बेरला, सिमगा और थानखमरिया में 6-6 सेंटीमीटर, जबकि छाल और मनेंद्रगढ़ में 5-5 सेंटीमीटर बारिश रिकॉर्ड की गई। तिल्दा, दरी, सुहेला, नांदघाट, कटघोरा, लैलूंगा, पेंड्रा रोड, भाटापारा, सहसपुर लोहारा, कसडोल, हरदीबाजार और कोंटा में 3-3 सेंटीमीटर बारिश दर्ज की गई।
कम दबाव का क्षेत्र मजबूत होने के कारण आने वाले दिनों में बारिश की गतिविधियां और बढ़ सकती हैं। भारी बारिश वाले क्षेत्रों में जलभराव और तेज हवाओं की स्थिति को देखते हुए लोगों को सतर्क रहने की सलाह दी गई है। खासकर निचले इलाकों और नदी-नालों के आसपास रहने वाले लोगों को मौसम की स्थिति पर नजर बनाए रखने की जरूरत है।