

Copyright © 2025 rights reserved by Inkquest Media
अन्य समाचार

Who is the new working president of BJP Nitin Naveen, why was he appointed today only?
नई दिल्ली। भारतीय जनता पार्टी (बीजेपी) ने रविवार को नितिन नबीन को पार्टी का राष्ट्रीय कार्यकारी अध्यक्ष नियुक्त किया। यह कदम पार्टी की तरफ से चौंकाने वाला माना जा रहा है, क्योंकि लंबे समय से जेपी नड्डा के उत्तराधिकारी को लेकर कयासों का दौर चल रहा था। कई वरिष्ठ नेताओं के नाम चर्चा में थे, लेकिन नितिन नबीन का नाम किसी सूची में नहीं था।
बीजेपी ने अपने इस निर्णय से सभी राजनीतिक विश्लेषकों और अंदरूनी हलकों को हैरान कर दिया है। इस नियुक्ति के साथ नितिन नबीन पार्टी के संगठनात्मक मामलों में अहम भूमिका निभाएंगे और नए राष्ट्रीय अध्यक्ष के चुनाव तक यह जिम्मेदारी संभालेंगे।
आज ही क्यों हुई नियुक्ति
आपको बता दें कि, कल यानी सोलह दिसंबर से खरमास शुरू होगा, जो 14 जनवरी तक चलेगा। इस दौरान बीजेपी बड़े राजनीतिक निर्णय करने से बचती है। यही कारण है कि यूपी अध्यक्ष के चुनाव वाले दिन ही कार्यकारी राष्ट्रीय अध्यक्ष की नियुक्ति कर दी गई। इसीलिए अब संभावना है कि राष्ट्रीय अध्यक्ष का चुनाव अगले महीने 14 जनवरी के बाद हो। वैसे राष्ट्रीय अध्यक्ष के लिए जरूरी औपचारिकताएं पूरी हो चुकी हैं। इसके लिए केवल चुनाव कार्यक्रम घोषित करना ही बाकी रह गया है। औपचारिक रूप से अध्यक्ष चुने जाने के बाद अप्रैल में राष्ट्रीय परिषद की बैठक में उनके नाम पर मुहर लगा दी जाएगी।
नितिन नबीन कौन हैं?
नितिन नबीन सिन्हा कायस्थ समुदाय से आते हैं और वर्तमान में बिहार सरकार में सड़क निर्माण मंत्री के पद पर कार्यरत हैं। वे दिग्गज भाजपा नेता नवीन किशोर सिन्हा के पुत्र हैं और पटना की बांकीपुर विधानसभा सीट से लगातार पांच बार विधायक चुने गए हैं।
नितिन नबीन मात्र 45 वर्ष के हैं, और यह जिम्मेदारी संभालने वाले बीजेपी के अब तक के सबसे कम उम्र के नेता बन गए हैं। तुलना के लिए बता दें कि जब अमित शाह राष्ट्रीय अध्यक्ष बने थे, तब उनकी उम्र 50 साल थी। इस लिहाज से बीजेपी ने नितिन नबीन को युवा नेतृत्व के रूप में एक बड़ा अवसर दिया है।
नितिन नबीन ने पहली बार 2006 के उपचुनाव में जीत हासिल की थी। इसके बाद वे 2010, 2015, 2020 और 2025 के विधानसभा चुनावों में लगातार विजयी रहे। विशेष रूप से 2025 के विधानसभा चुनाव में उन्होंने 98,299 वोट हासिल कर आरजेडी उम्मीदवार रेखा कुमारी को 51,936 वोटों के अंतर से हराया, जो उनकी अब तक की सबसे बड़ी जीत मानी जा रही है।
भाजपा के नए अध्यक्ष पर एक नज़र
नितिन नबीन, वर्तमान में बिहार सरकार में पीडब्ल्यूडी और आवास मंत्री हैं, भाजपा के सबसे युवा राष्ट्रीय कार्यकारी अध्यक्षों में से एक हैं। युवा होने के बावजूद, उन्हें शासन, जनहित और संगठन के लिए काम करने का व्यापक अनुभव है। वे बिहार सरकार में दो बार मंत्री रह चुके हैं। वे पाँच बार विधायक रह चुके हैं। उन्होंने युवा मोर्चा के लिए भी व्यापक रूप से काम किया है। वे छत्तीसगढ़ के प्रभारी हैं।
युवा, ऊर्जावान और वैचारिक रूप से दृढ़, वे संगठन के प्रति पूरी तरह समर्पित हैं। बिहार में मंत्री के रूप में और छत्तीसगढ़ के प्रभारी के रूप में उनका कार्यकाल उत्कृष्ट रहा है, जो प्रभावी नेतृत्व और संगठनात्मक शक्ति से परिपूर्ण है। यह नियुक्ति भाजपा के सक्षम नेतृत्व पर केंद्रित दृष्टिकोण को दर्शाती है और एक पीढ़ीगत बदलाव का संकेत देती है।
इसके अलावा, नितिन नबीन को छत्तीसगढ़ विधानसभा चुनाव के प्रभारी के रूप में भी नियुक्त किया गया था, जहाँ पार्टी ने शानदार जीत हासिल की थी। इसका श्रेय नितिन नबीन के संगठनात्मक कौशल और चुनावी रणनीतियों को जाता है।
नितिन नबीन का जन्म पटना में हुआ। उनके पिता नवीन किशोर प्रसाद सिन्हा भाजपा के वरिष्ठ नेता और पूर्व विधायक थे। पिता के निधन के बाद नितिन नबीन ने चुनावी राजनीति में सक्रिय कदम रखा और जल्द ही अपनी अलग पहचान बनाई। राजनीति में आने से पहले वे भारतीय जनता युवा मोर्चा में भी सक्रिय रहे, जहाँ उन्होंने संगठनात्मक क्षमताओं का अनुभव और पहचान हासिल की।
पिछले साल हुए लोकसभा चुनावों के बाद पार्टी ने जेपी नड्डा को स्वास्थ्य मंत्री बनाया था। नड्डा 2020 में पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष बने थे, लेकिन उनका कार्यकाल जून 2024 में समाप्त हो चुका था। तब से नए राष्ट्रीय अध्यक्ष की तलाश चल रही थी। अब नए अध्यक्ष के चुनाव तक नितिन नबीन ही राष्ट्रीय कार्यकारी अध्यक्ष के रूप में पार्टी की जिम्मेदारी संभालेंगे।