

Copyright © 2026 rights reserved by Inkquest Media
अन्य समाचार

Workers' protest in Noida turns violent, situation tense due to arson and vandalism
नोएडा। नोएडा के विभिन्न औद्योगिक सेक्टरों में सोमवार को श्रमिकों का प्रदर्शन अचानक हिंसक हो गया, जिससे कानून-व्यवस्था की स्थिति चुनौतीपूर्ण बन गई। सुबह शुरू हुआ विरोध दिन चढ़ने के साथ उग्र होता गया।
आगजनी और पथराव से बढ़ा तनाव
वेतन बढ़ोतरी और अन्य मांगों को लेकर सड़क पर उतरे प्रदर्शनकारियों ने पुलिस की दो गाड़ियों समेत पांच वाहनों में आग लगा दी। कई जगहों पर पथराव और तोड़फोड़ की घटनाएं भी सामने आई हैं, जिससे क्षेत्र में अफरा-तफरी का माहौल बन गया।
फैक्ट्रियों में घुसकर की तोड़फोड़
फेज-2 नोएडा और सेक्टर-60 नोएडा के औद्योगिक इलाकों में प्रदर्शनकारियों ने खुली फैक्ट्रियों को निशाना बनाया। हाजरी कॉम्प्लेक्स में कई इकाइयों में घुसकर अराजक तत्वों ने जमकर उत्पात मचाया। इस दौरान भाजपा नेता संजय बाली की फैक्ट्री में भी तोड़फोड़ की गई।
वेतन संशोधन की मांग बनी वजह
पुलिस के मुताबिक, विभिन्न औद्योगिक इकाइयों के श्रमिक लंबे समय से वेतन में सुधार और अन्य मांगों को लेकर विरोध कर रहे थे। शांतिपूर्ण प्रदर्शन धीरे-धीरे हिंसक रूप ले बैठा।
दिल्ली पुलिस अलर्ट, सीमाओं पर सख्ती
स्थिति को देखते हुए दिल्ली पुलिस भी अलर्ट मोड पर आ गई है। नोएडा को दिल्ली से जोड़ने वाले सभी प्रमुख मार्गों और बॉर्डर पॉइंट्स पर अतिरिक्त पुलिस बल तैनात किया गया है। वाहनों की सघन जांच की जा रही है, ताकि किसी भी असामाजिक तत्व की आवाजाही रोकी जा सके।
सीएम योगी के निर्देश
इसी बीच योगी आदित्यनाथ ने अधिकारियों को औद्योगिक क्षेत्रों में श्रमिकों के लिए सम्मानजनक वेतन, सुरक्षित कार्य वातावरण और उनकी समस्याओं के समयबद्ध समाधान सुनिश्चित करने के निर्देश दिए हैं।