

Copyright © 2026 rights reserved by Inkquest Media
अन्य समाचार

kondagaon-tent-businessman-suresh-chauhan-murder-case-body-found
रायपुर: छत्तीसगढ़ के कोंडागांव जिले से एक सनसनीखेज मामला सामने आया है, जहाँ पिछले तीन दिनों से लापता प्रसिद्ध टेंट व्यवसायी सुरेश चौहान की बेरहमी से हत्या कर दी गई। पुलिस ने सोमवार को व्यवसायी का शव हाउसिंग बोर्ड कॉलोनी के पीछे एक खेत में अर्धनग्न अवस्था में जमीन के नीचे दफन पाया। इस मामले में पुलिस ने एक संदिग्ध को हिरासत में लिया है, जिससे पूछताछ जारी है।
मिली जानकारी के अनुसार, 'शिरोमणि डेकोरेट टेंट' के संचालक सुरेश चौहान (53), निवासी कोंडागांव, शनिवार (11 अप्रैल) से अचानक लापता हो गए थे। परिजनों की शिकायत पर पुलिस ने गुमशुदगी का मामला दर्ज कर उनकी तलाश शुरू की थी। जांच के दौरान पुलिस ने शहर के लगभग 150 सीसीटीवी फुटेज खंगाले, जिसके बाद अहम सुराग हाथ लगे।
पुलिस को सबसे पहले विकास नगर ग्राउंड में सुरेश चौहान की खून से सनी बाइक बरामद हुई। इसके बाद तकनीकी साक्ष्यों और संदिग्ध से पूछताछ के आधार पर पुलिस हाउसिंग बोर्ड कॉलोनी के पीछे स्थित खेतों तक पहुंची। वहां जमीन के नीचे करीब डेढ़ किलोमीटर दूर सुरेश का शव दबा हुआ मिला, जिसे आरोपियों ने पहचान छिपाने के उद्देश्य से मिट्टी से पाट दिया था।
बताया जा रहा है कि मृतक सुरेश चौहान सोने की चेन, अंगूठी और नकदी रखते थे। आशंका है कि कीमती सामान लूटने के इरादे से इस वारदात को अंजाम दिया गया।
पुलिस जुआ-सट्टा और प्रेम प्रसंग (अफेयर) के एंगल से भी मामले की बारीकी से जांच कर रही है। सुरेश चौहान को हाल ही में दंतेवाड़ा से टेंट का एक बड़ा ऑर्डर मिला था और वे वहां जाने की तैयारी में थे। पुलिस इस दिशा में भी साक्ष्य जुटा रही है।
मृतक सुरेश चौहान अपने पीछे पत्नी, दो बेटियां और एक बेटा छोड़ गए हैं। इस घटना के बाद से परिवार में मातम पसरा हुआ है। परिजनों ने पुलिस प्रशासन से आरोपियों की जल्द गिरफ्तारी और उनके खिलाफ कड़ी से कड़ी कानूनी कार्रवाई करने की मांग की है।
“हमने एक संदिग्ध को हिरासत में लिया है और पूछताछ के आधार पर शव बरामद कर लिया गया है। जल्द ही इस पूरे हत्याकांड का खुलासा किया जाएगा और संलिप्त अन्य आरोपियों को सलाखें के पीछे भेजा जाएगा।”