

Copyright © 2026 rights reserved by Inkquest Media
अन्य समाचार

Written examination for forest guard recruitment postponed; exam will not be held on December 13
रायपुर। छत्तीसगढ़ में वनरक्षक (फॉरेस्ट गार्ड) भर्ती की तैयारी कर रहे अभ्यर्थियों के लिए बड़ी खबर है। 13 दिसंबर को प्रस्तावित वनरक्षक भर्ती के दूसरे चरण की लिखित परीक्षा स्थगित कर दी गई है। छत्तीसगढ़ कर्मचारी चयन मंडल ने इस संबंध में आधिकारिक आदेश जारी किया है। फिलहाल परीक्षा की नई तारीख घोषित नहीं की गई है।
जानकारी के मुताबिक, प्रधान मुख्य वन संरक्षक एवं वनबल प्रमुख की ओर से भेजे गए पत्र के बाद कर्मचारी चयन मंडल ने परीक्षा स्थगित करने का फैसला लिया है। हालांकि, परीक्षा टालने के पीछे की स्पष्ट वजह अभी सामने नहीं आई है।
7 दिसंबर से डाउनलोड होने थे एडमिट कार्ड
पहले जारी परीक्षा कार्यक्रम के मुताबिक, अभ्यर्थियों को 7 दिसंबर से प्रवेश पत्र डाउनलोड करने की सुविधा मिलने वाली थी। वहीं, लिखित परीक्षा 13 दिसंबर को रायपुर में सुबह 10 बजे से दोपहर 12:15 बजे तक आयोजित होनी थी। परीक्षा स्थगित होने के बाद अब एडमिट कार्ड जारी करने की प्रक्रिया भी नई तारीख के अनुसार तय होगी।
1,484 पदों के लिए 16,762 अभ्यर्थियों के बीच मुकाबला
छत्तीसगढ़ वन विभाग में वनरक्षक के कुल 1,484 पदों पर भर्ती की प्रक्रिया चल रही है। भर्ती के पहले चरण में शारीरिक मापजोख और दक्षता परीक्षा आयोजित की गई थी। इसमें सफल 16,762 अभ्यर्थियों को लिखित परीक्षा में शामिल होना था। इस तरह एक पद के लिए औसतन 11 से अधिक अभ्यर्थियों के बीच मुकाबला होना था।

पहले भी स्थगित हो चुकी हैं कई भर्ती परीक्षाएं
गौरतलब है कि इससे पहले सूबेदार, सब इंस्पेक्टर और प्लाटून कमांडर की 2 से 4 नवंबर को प्रस्तावित मुख्य परीक्षा भी स्थगित की गई थी। इसके अलावा CGPSC में अध्यक्ष पद खाली होने के कारण परीक्षाओं और साक्षात्कारों में देरी हुई है। सहायक शिक्षक और शिक्षक भर्ती परीक्षाएं भी स्थगित की गई थीं, जिनकी नई तारीखें 6 और 20 दिसंबर निर्धारित की गई हैं।
फिलहाल वनरक्षक भर्ती की संशोधित परीक्षा तारीख को लेकर अभ्यर्थियों को कर्मचारी चयन मंडल की आधिकारिक सूचना का इंतजार है। नई तारीख घोषित होने के बाद ही प्रवेश पत्र और आगे की परीक्षा प्रक्रिया को लेकर स्थिति स्पष्ट हो सकेगी।