

Copyright © 2026 rights reserved by Inkquest Media
अन्य समाचार

Xi Jinping's India visit confirmed; Chinese President to arrive in Delhi tomorrow after 7 years.
नई दिल्ली। चीन के राष्ट्रपति शी जिनपिंग के भारत दौरे को लेकर चल रही अटकलों पर अब विराम लग गया है। चीन ने पुष्टि कर दी है कि शी जिनपिंग BRICS Summit 2026 में हिस्सा लेने के लिए भारत आएंगे। बताया जा रहा है कि चीनी राष्ट्रपति 11 सितंबर को सुबह करीब 11 बजे दिल्ली पहुंच सकते हैं।
यह दौरा इसलिए भी महत्वपूर्ण माना जा रहा है क्योंकि गलवान संघर्ष के बाद पहली बार शी जिनपिंग भारत आ रहे हैं। करीब सात साल बाद होने वाली यह यात्रा भारत और चीन के बीच संबंधों में नई शुरुआत के संकेत के तौर पर देखी जा रही है।
जानकारी के मुताबिक, शी जिनपिंग 11 सितंबर को दिल्ली पहुंचेंगे। उनके दौरे के दौरान प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के साथ मुलाकात और द्विपक्षीय वार्ता होने की संभावना है।
बताया जा रहा है कि भारत मंडपम में शाम करीब 6 बजे प्रधानमंत्री मोदी और शी जिनपिंग की मुलाकात हो सकती है। दोनों नेताओं के बीच द्विपक्षीय बैठक में भारत-चीन संबंधों, सीमा से जुड़े मुद्दों और आपसी सहयोग सहित कई महत्वपूर्ण विषयों पर चर्चा हो सकती है।
शी जिनपिंग की यह यात्रा भारत-चीन संबंधों के लिहाज से बेहद अहम मानी जा रही है। वर्ष 2020 में गलवान घाटी में दोनों देशों की सेनाओं के बीच हुई हिंसक झड़प के बाद दोनों देशों के रिश्तों में तनाव बढ़ गया था।
ऐसे में गलवान संघर्ष के बाद शी जिनपिंग की भारत यात्रा को दोनों देशों के बीच संबंधों को सामान्य करने की दिशा में एक महत्वपूर्ण कदम माना जा रहा है।
चीनी राष्ट्रपति शी जिनपिंग इससे पहले 11-12 अक्टूबर 2019 को भारत आए थे। उस दौरान उन्होंने तमिलनाडु के मामल्लापुरम में प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के साथ भारत-चीन के दूसरे अनौपचारिक शिखर सम्मेलन में हिस्सा लिया था।
यह मुलाकात वर्ष 2018 में चीन के वुहान में हुई दोनों नेताओं की पहली अनौपचारिक बैठक के बाद हुई थी।
शी जिनपिंग को भारत आने का न्योता प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने दिया था। अगस्त 2025 में प्रधानमंत्री मोदी की चीन यात्रा के दौरान उन्हें 2026 BRICS Summit में शामिल होने के लिए आमंत्रित किया गया था।
भारतीय विदेश मंत्रालय के मुताबिक, शी जिनपिंग ने प्रधानमंत्री मोदी के निमंत्रण के लिए धन्यवाद दिया था और भारत की BRICS अध्यक्षता का समर्थन किया था।
भारत इस वर्ष BRICS की अध्यक्षता कर रहा है। BRICS Summit 12 और 13 सितंबर को नई दिल्ली स्थित भारत मंडपम में आयोजित होगा। वहीं, BRICS बिजनेस फोरम और महिला बिजनेस अलायंस की बैठकें 11 सितंबर से शुरू होंगी।
इस साल BRICS समिट की थीम “Building for Resilience, Innovation, Cooperation and Sustainability” रखी गई है।
शी जिनपिंग का भारत दौरा ऐसे समय हो रहा है जब दोनों देशों के बीच संबंधों को पटरी पर लाने की कोशिशें जारी हैं। प्रधानमंत्री मोदी और शी जिनपिंग की संभावित द्विपक्षीय बैठक पर पूरी दुनिया की नजर रहेगी।