

Copyright © 2026 rights reserved by Inkquest Media
अन्य समाचार

Yogesh Sahu from Chhattisgarh shines on KBC; wins ₹50 lakh, quits the game at the ₹1 crore question.
बलौदाबाजार। बलौदाबाजार के 23 वर्षीय योगेश साहू ने ‘कौन बनेगा करोड़पति 18’ में शानदार खेल दिखाते हुए 50 लाख रुपए की रकम जीती। 1 करोड़ रुपए के सवाल पर उन्होंने जोखिम लेने के बजाय गेम क्विट करने का फैसला किया। IIT बॉम्बे के टॉपर रह चुके योगेश अब IAS अधिकारी बनने की तैयारी कर रहे हैं।
बलौदाबाजार जिले के ग्राम टेहका निवासी योगेश साहू ने अपनी शुरुआती पढ़ाई जेसीज कॉन्वेंट और मयूर शिशु मंदिर से की। इसके बाद हाई एजुकेशन के लिए वे बिलासपुर पहुंचे। यहां रोहन चावला ने अपने कोचिंग सेंटर में उन्हें 11वीं और 12वीं की पढ़ाई मुफ्त में कराई।
मेहनत और प्रतिभा के दम पर योगेश ने IIT में पहले ही प्रयास में दाखिला हासिल किया। उन्होंने IIT बॉम्बे से इलेक्ट्रिकल इंजीनियरिंग की पढ़ाई की और संस्थान में टॉपर भी रहे।
IIT बॉम्बे से पढ़ाई पूरी करने के बाद योगेश को कैंपस प्लेसमेंट के जरिए 1.5 लाख रुपए प्रतिमाह की नौकरी मिली थी। हालांकि, उन्होंने अपने IAS बनने के सपने को प्राथमिकता देते हुए यह नौकरी छोड़ दी।
योगेश फिलहाल UPSC सिविल सेवा परीक्षा की तैयारी कर रहे हैं। उनके पिता गयाराम साहू के मुताबिक, योगेश ने UPSC की प्रारंभिक परीक्षा भी पहले ही प्रयास में पास कर ली है और अब मुख्य परीक्षा की तैयारी में जुटे हैं।
योगेश की पढ़ाई में परिवार के साथ-साथ कई लोगों ने मदद की। तत्कालीन कलेक्टर कार्तिकेय गोयल ने भी उनकी शिक्षा में सहयोग किया। IIT बॉम्बे में दाखिले के दौरान मुख्यमंत्री और कलेक्टर की ओर से उन्हें आर्थिक सहायता मिली थी।
योगेश की सफलता के पीछे उनकी मेहनत और अनुशासन का बड़ा योगदान है। बताया गया कि वह मोबाइल का इस्तेमाल नहीं करते और सोशल मीडिया से भी दूरी बनाए रखते हैं।
अमिताभ बच्चन के शो ‘कौन बनेगा करोड़पति 18’ में योगेश साहू हॉट सीट तक पहुंचे। 50 लाख रुपए के सवाल में उन्हें कुछ शहरों और वर्षों की एक तालिका दी गई थी।
तालिका में कोलकाता-1913, ?-1930, स्कोप्जे-1979, शांतिनिकेतन-1998 और विदिशा-2014 दिया गया था। योगेश से सवालिया निशान की जगह सही शहर चुनने को कहा गया। विकल्पों में त्रिशूर, मैसूर, अल्मोड़ा और तिरुचिरापल्ली शामिल थे।
मुश्किल सवाल के सामने योगेश ने अपनी आखिरी लाइफलाइन ‘संकेत सूचक’ का इस्तेमाल किया। उन्हें संकेत मिला कि सही जवाब तमिलनाडु में स्थित एक शहर है।
इस संकेत के बाद योगेश ने सवाल के पीछे छिपे तथ्य को समझ लिया। उन्होंने पहचान लिया कि दिए गए वर्ष नोबेल पुरस्कार से जुड़े हैं और संबंधित शहर नोबेल पुरस्कार विजेताओं के जन्मस्थान हैं।
योगेश ने विकल्पों में से तिरुचिरापल्ली को सही जवाब चुना। यह प्रसिद्ध भारतीय वैज्ञानिक और नोबेल पुरस्कार विजेता सीवी रमन का जन्मस्थान है। उनका जवाब सही निकला और योगेश ने 50 लाख रुपए जीत लिए।
इसके बाद उनके सामने 1 करोड़ रुपए का सवाल आया। हालांकि, इस पड़ाव पर उन्होंने जोखिम नहीं लिया और 50 लाख रुपए लेकर KBC का गेम क्विट कर दिया।
मुंबई से लौटने के बाद भाटापारा रेलवे स्टेशन पर योगेश साहू का सामाजिक कार्यकर्ताओं और ग्रामीणों ने जोरदार स्वागत किया। उनकी KBC में सफलता से परिवार, गांव और पूरे क्षेत्र में खुशी का माहौल है।
योगेश की कहानी सिर्फ KBC में 50 लाख रुपए जीतने तक सीमित नहीं है। IIT बॉम्बे में टॉप करने, लाखों रुपए की नौकरी छोड़ने और UPSC की तैयारी करने का उनका फैसला युवाओं के लिए मेहनत, लक्ष्य और आत्मविश्वास की प्रेरक मिसाल बनकर सामने आया है।