

Copyright © 2026 rights reserved by Inkquest Media
अन्य समाचार

Youth protest over the theft of 250 tonnes of iron at the Bhilai Steel Plant.
भिलाई। भिलाई इस्पात संयंत्र (BSP) में सामने आए कथित 250 टन लौह चोरी प्रकरण को लेकर बुधवार को भिलाई में युवाओं ने मशाल रैली निकालकर दोषियों के खिलाफ कड़ी कार्रवाई की मांग की। यह रैली अर्जुन रथ से शुरू होकर सिविक सेंटर होते हुए बेरोजगार चौक पर समाप्त हुई। प्रदर्शन का नेतृत्व प्रशम दत्ता ने किया।
रैली के दौरान युवाओं ने दुर्ग पुलिस के नाम ज्ञापन सौंपते हुए मांग की कि मामले में शामिल सभी आरोपियों, हिस्ट्रीशीटरों, बिचौलियों और जांच में दोषी पाए जाने वाले अधिकारियों एवं कर्मचारियों के खिलाफ निष्पक्ष एवं कठोर कानूनी कार्रवाई की जाए। ज्ञापन में कहा गया कि यह मामला केवल चोरी का नहीं, बल्कि राष्ट्रीय संपत्ति को गंभीर आर्थिक नुकसान पहुंचाने से जुड़ा है, इसलिए किसी भी प्रभावशाली व्यक्ति को कानून से ऊपर नहीं माना जाना चाहिए।
प्रदर्शन के दौरान प्रशम दत्ता ने कहा कि भिलाई स्टील प्लांट का लोहा पूरे विश्व में जाता है, लेकिन उसी संयंत्र में 250 टन लौह चोरी का मामला सामने आना बेहद गंभीर है। उन्होंने कहा कि पुलिस ने इस मामले का खुलासा किया है और अब पूरे नेटवर्क का पर्दाफाश होना चाहिए। उन्होंने आरोप लगाया कि यह सामान्य चोरी नहीं बल्कि "डकैती जैसा मामला" प्रतीत होता है, इसलिए इसमें शामिल सरगनाओं से लेकर यदि कोई अधिकारी भी दोषी पाया जाता है तो उसके खिलाफ भी सख्त कार्रवाई होनी चाहिए।
मशाल रैली के उद्देश्य पर उन्होंने कहा कि यह युवाओं के आक्रोश का प्रतीक है। उनके मुताबिक मशाल रैली यह संदेश देने के लिए निकाली गई कि प्रदेश का युवा राष्ट्रीय संपत्ति की चोरी को लेकर गंभीर है और दोषियों को सजा दिलाने के लिए आवाज उठा रहा है।
प्रशम दत्ता ने यह भी कहा कि यह आंदोलन किसी राजनीतिक दल का नहीं है, बल्कि आम नागरिकों और युवाओं का है, जो न्याय और पारदर्शी जांच की मांग कर रहे हैं। प्रदर्शनकारियों ने चेतावनी दी कि यदि मामले में निष्पक्ष कार्रवाई नहीं हुई तो आगे भी लोकतांत्रिक तरीके से आंदोलन जारी रहेगा।