

Copyright © 2026 rights reserved by Inkquest Media
अन्य समाचार

achanakmar tiger reserve rangers arrested bribery acb bilaspur
मुंगेली। एंटी करप्शन ब्यूरो (ACB) बिलासपुर की टीम ने गुरुवार को बड़ी कार्रवाई करते हुए अचानकमार टाइगर रिजर्व के सुरही रेंज में पदस्थ रेंजर और डिप्टी रेंजर को 50 हजार रुपये की रिश्वत लेते रंगे हाथों गिरफ्तार कर लिया।
गिरफ्तार आरोपियों में पल्लव नायक (रेंजर) और मनीष श्रीवास्तव (डिप्टी रेंजर) शामिल हैं। दोनों अधिकारियों ने जब्त वाहन छोड़ने और केस में चालान पेश करने के एवज में रिश्वत की मांग की थी।
एसीबी के डीएसपी अजितेश सिंह के अनुसार, लोरमी निवासी अजीत कुमार वैष्णव ने शिकायत दर्ज कराई थी। शिकायत में बताया गया कि दिसंबर 2025 में वह अपने साथियों के साथ अचानकमार टाइगर रिजर्व घूमने गया था, जहां एयर गन से फायरिंग करते हुए बनाई गई एक रील सोशल मीडिया पर वायरल हो गई।
रील वायरल होने के बाद वन विभाग ने कार्रवाई करते हुए उनका वाहन जब्त कर लिया और उन्हें करीब 18 दिन जेल में रहना पड़ा।
जेल से छूटने के बाद जब शिकायतकर्ता केस में चालान पेश कराने के लिए डिप्टी रेंजर से मिला, तो आरोप है कि 4-5 लाख रुपये खर्च होने की बात कहकर 70 हजार रुपये रिश्वत मांगी गई।
शिकायत के सत्यापन के बाद एसीबी ने ट्रैप प्लान तैयार किया। 26 मार्च को शिकायतकर्ता को पहली किस्त देने के लिए भेजा गया, जहां उसने 50 हजार रुपये डिप्टी रेंजर को दिए। इसी दौरान पहले से मौजूद एसीबी टीम ने दोनों आरोपियों को मौके पर पकड़ लिया।
एसीबी ने आरोपी मनीष श्रीवास्तव के खिलाफ भ्रष्टाचार निवारण अधिनियम 1988 की धारा 7 और पल्लव नायक के खिलाफ धारा 7 और 12 के तहत मामला दर्ज किया है। मौके से 50 हजार रुपये की रिश्वत राशि भी बरामद की गई है।
एसीबी के अनुसार, पिछले दो वर्षों में यह बिलासपुर इकाई की 45वीं ट्रैप कार्रवाई है। ब्यूरो ने आम जनता से अपील की है कि यदि कोई भी शासकीय कर्मचारी रिश्वत की मांग करता है, तो इसकी सूचना तुरंत एसीबी को दें, ताकि भ्रष्टाचार के खिलाफ सख्त कार्रवाई की जा सके।