

Copyright © 2026 rights reserved by Inkquest Media
अन्य समाचार

ahmedabad illegal firecracker factory blast 8 dead 8 injured
अहमदाबाद। गुजरात के अहमदाबाद में शनिवार को अवैध रूप से संचालित एक पटाखा फैक्ट्री में भीषण विस्फोट हो गया। यह हादसा रामोल-गात्राड रोड स्थित नहर किनारे खुले मैदान में चल रही फैक्ट्री में हुआ। धमाका इतना तेज था कि आसपास के इलाके में अफरा-तफरी मच गई और दूर तक इसकी आवाज सुनाई दी।
हादसे की सूचना मिलते ही पुलिस, दमकल विभाग, अहमदाबाद नगर निगम और 108 एंबुलेंस सेवा की टीमें मौके पर पहुंचीं। राहत एवं बचाव अभियान चलाकर आग पर काबू पाया गया और घायलों को अस्पताल पहुंचाया गया।
पुलिस के मुताबिक, शुरुआती जानकारी में दो लोगों की मौत की पुष्टि हुई थी, लेकिन मलबा हटाने और तलाशी अभियान के दौरान मृतकों की संख्या बढ़कर 8 हो गई। हादसे में 8 से अधिक लोग घायल हुए हैं, जिनमें कुछ की हालत गंभीर बताई जा रही है।
संयुक्त पुलिस आयुक्त जयपाल सिंह राठौड़ ने बताया कि राहत और बचाव कार्य तत्काल शुरू कर दिया गया था। वहीं, आरएएफ-100 के कमांडेंट अधिकारी रितुल दाह ने बताया कि दोपहर करीब 3:24 बजे तेज धमाका हुआ। विस्फोट इतना शक्तिशाली था कि कई शव और घायल घटनास्थल से लगभग 50 मीटर दूर खेतों में मिले।
प्रारंभिक जांच में सामने आया है कि फैक्ट्री अवैध रूप से संचालित की जा रही थी। पुलिस ने बताया कि मामले में गैर इरादतन हत्या और विस्फोटक अधिनियम की धाराओं के तहत केस दर्ज किया जाएगा।
घटना के कारणों की जांच के लिए फोरेंसिक साइंस लेबोरेटरी (एफएसएल) समेत अन्य जांच एजेंसियों की टीमों को मौके पर बुलाया गया है। पुलिस यह भी जांच कर रही है कि फैक्ट्री संचालकों के पास वैध लाइसेंस था या नहीं। यदि सुरक्षा नियमों के उल्लंघन या अन्य अनियमितताएं पाई जाती हैं, तो जिम्मेदार लोगों के खिलाफ सख्त कानूनी कार्रवाई की जाएगी।
फिलहाल राहत और तलाशी अभियान जारी है, जबकि हादसे के वास्तविक कारणों का पता लगाने के लिए विस्तृत जांच की जा रही है।