

Copyright © 2026 rights reserved by Inkquest Media
अन्य समाचार

air-india-ai-171-crash-pilot-allegation-government-response
अहमदाबाद। पिछले साल अहमदाबाद में एयर इंडिया की फ्लाइट एआई-171 के हादसे को लेकर मीडिया में चल रही अटकलों पर एयरक्राफ्ट एक्सीडेंट इन्वेस्टिगेशन ब्यूरो (एएआईबी) ने स्पष्ट किया है कि अभी तक जांच पूरी तरह से समाप्त नहीं हुई है और किसी भी व्यक्ति या कारण को दोषी ठहराना उचित नहीं होगा।
एएआईबी ने मीडिया और जनता से अपील की है कि वे केवल आधिकारिक बयान और अंतिम जांच रिपोर्ट का इंतजार करें। ब्यूरो ने कहा कि कुछ मीडिया रिपोर्ट्स और सोशल मीडिया पर आई खबरें वेरिफाइड नहीं हैं और केवल अनुमानों पर आधारित हैं।
एएआईबी ने बताया कि विमान दुर्घटना की जांच एक जटिल और तकनीकी प्रक्रिया है। इसमें फ्लाइट डेटा रिकॉर्डर (FDR), कॉकपिट वॉयस रिकॉर्डर (CVR) की समीक्षा, तकनीकी विश्लेषण, मौसम की स्थिति और अन्य कई पहलुओं का गहन अध्ययन शामिल होता है। ऐसे में जांच पूरी होने से पहले किसी निष्कर्ष पर पहुंचना जल्दबाजी होगी।
इस बीच, इटली के अख़बार Corriera Della Sera की रिपोर्ट में दावा किया गया था कि अहमदाबाद हादसा किसी तकनीकी खामी की वजह से नहीं, बल्कि “जानबूझकर की गई हरकत” का परिणाम था। एएआईबी ने इस रिपोर्ट को वेरिफाइड नहीं बताया और कहा कि जांच पूरी होने के बाद ही आधिकारिक जानकारी साझा की जाएगी।
गुजरात की राजधानी अहमदाबाद में बीते साल हुए इस हादसे में 260 लोगों की जान चली गई थी। हादसे के समय विमान में 241 यात्री और चालक दल के सदस्य सवार थे, जबकि 19 लोग ज़मीन पर मौजूद थे। विमान टेकऑफ के 32 सेकंड बाद बी.जे. मेडिकल कॉलेज के पास दुर्घटनाग्रस्त हो गया, जो रनवे से केवल 1.7 किलोमीटर दूर स्थित है। हादसे में केवल एक व्यक्ति ही जीवित बच सका था, जो विमान की 11A सीट पर बैठा था। मरने वालों में कई विदेशी नागरिक भी शामिल थे।
एएआईबी ने दोहराया कि जांच पूरी पारदर्शिता और पेशेवर तरीके से की जा रही है और फिलहाल स्थिति की समीक्षा जारी है। संबंधित तथ्यों की वेरिफिकेशन के बाद ही आधिकारिक निष्कर्ष साझा किए जाएंगे।