

Copyright © 2026 rights reserved by Inkquest Media
अन्य समाचार

raipur-police-bust-online-betting-racket-4-arrested-197-lakh-seized
रायपुर। राजधानी रायपुर में ऑनलाइन सट्टे के खिलाफ बड़ी कार्रवाई करते हुए पुलिस की एण्टी क्राइम एवं साइबर यूनिट ने एक संगठित गिरोह का भंडाफोड़ किया है। पुलिस ने कबीर नगर थाना क्षेत्र के तिरंगा चौक के पास दबिश देकर 4 आरोपियों को गिरफ्तार किया है। आरोपियों के कब्जे से 17 लाख रुपये नगद सहित कुल लगभग 19.70 लाख रुपये का मशरूका जब्त किया गया है।
पुलिस को सूचना मिली थी कि तिरंगा चौक के पास एक मकान में ऑनलाइन सट्टा संचालित किया जा रहा है। टीम ने मौके पर छापा मारकर आरोपियों को रंगे हाथों पकड़ा। जांच में सामने आया कि आरोपी ऑनलाइन बैटिंग वेबसाइट पर सट्टा खेलने के लिए आईडी उपलब्ध कराते थे और आईडी बेचकर अवैध लाभ कमाते थे।
आरोपी सट्टे की रकम के लेन-देन के लिए किराये पर लिए गए म्यूल खातों का इस्तेमाल कर रहे थे। पुलिस अब इन खातों के वास्तविक धारकों की जानकारी जुटा रही है और उनकी गिरफ्तारी की तैयारी कर रही है।
गिरफ्तार आरोपियों में ओम खेमानी (थाना आमानाका) और दीपक सचदेवा (थाना खम्हारडीह) पूर्व में भी सट्टा प्रकरण में जेल जा चुके हैं। पुलिस के अनुसार यह गिरोह लंबे समय से सक्रिय था।
कार्रवाई के दौरान पुलिस ने 17,00,000 रुपये नगद, मोबाइल फोन, बैंक पासबुक, चेकबुक तथा विभिन्न एटीएम/क्रेडिट/डेबिट कार्ड जब्त किए हैं। जब्त मशरूका की कुल कीमत लगभग 19,70,000 रुपये आंकी गई है।
पुलिस उपायुक्त (क्राइम एवं साइबर) मृतिक राजनाला और पुलिस उपायुक्त (वेस्ट जोन) संदीप पटेल की निगरानी में वर्ष 2026 में अब तक ऑनलाइन सट्टे के 3 मामलों में 14 आरोपियों को गिरफ्तार किया जा चुका है। इन मामलों में कुल लगभग 1,92,20,000 रुपये का मशरूका जब्त किया गया है।