

Copyright © 2026 rights reserved by Inkquest Media
अन्य समाचार

ajit-doval-praises-chhattisgarh-dig-santosh-kumar-singh-book
रायपुर: छत्तीसगढ़ कैडर के भारतीय पुलिस सेवा (IPS) अधिकारी और वर्तमान में पुलिस मुख्यालय में पुलिस उप महानिरीक्षक (DIG) के पद पर तैनात डॉ. संतोष कुमार सिंह की शैक्षणिक और शोधपरक उपलब्धि ने राष्ट्रीय स्तर पर ध्यान आकर्षित किया है। उनकी हालिया प्रकाशित पुस्तक "Institutionalization of Peacebuilding: Functioning of the United Nations Peacebuilding Commission in Sierra Leone & Burundi" की देश के शीर्ष अधिकारियों ने मुक्तकंठ से प्रशंसा की है।
राष्ट्रीय सुरक्षा सलाहकार (NSA) ने जताया आभार
भारत के राष्ट्रीय सुरक्षा सलाहकार अजीत डोभाल (KC) ने डॉ. सिंह को पत्र लिखकर उनके गहन शोध की सराहना की है। डोभाल ने अपने पत्र में उल्लेख किया कि यह पुस्तक संयुक्त राष्ट्र शांति स्थापना आयोग (UNPBC) के संस्थागत तंत्र को समझने के लिए एक व्यापक और व्यावहारिक दृष्टिकोण प्रदान करती है। उन्होंने कहा कि द्वितीय विश्व युद्ध के बाद अंतरराष्ट्रीय शांति प्रयासों को समझने के लिए आज के संघर्षपूर्ण वातावरण में इस तरह के नए दृष्टिकोण की अत्यंत आवश्यकता है।

प्रधानमंत्री कार्यालय (PMO) से मिली बधाई
इसी क्रम में, प्रधानमंत्री के प्रधान सचिव-2 शक्तिकांत दास ने भी डॉ. संतोष कुमार सिंह को पत्र भेजकर इस महत्वपूर्ण प्रकाशन के लिए उन्हें बधाई दी है। उन्होंने पुस्तक की सराहना करते हुए इसे शांति स्थापना के क्षेत्र में एक "महत्वपूर्ण प्रकाशन" करार दिया और डॉ. सिंह के समर्पित प्रयासों की प्रशंसा की।

डॉ. संतोष कुमार सिंह की यह पुस्तक मुख्य रूप से अफ्रीका के दो देशों - सिएरा लियोन और बुरुंडी में संयुक्त राष्ट्र के शांति स्थापना आयोग की भूमिका और उसके कामकाज के विश्लेषण पर आधारित है। यह शोध कार्य अंतरराष्ट्रीय स्तर पर शांति बहाली के लिए किए जा रहे प्रयासों और उसमें आने वाली संस्थागत चुनौतियों पर प्रकाश डालता है।
एक पुलिस अधिकारी के रूप में अपनी कठिन ड्यूटी के साथ-साथ इस तरह के उच्च स्तरीय शैक्षणिक शोध कार्य को पूरा करना छत्तीसगढ़ पुलिस विभाग और राज्य के लिए गर्व का विषय है।