

Copyright © 2026 rights reserved by Inkquest Media
अन्य समाचार

mcb-teachers-suspended-for-coming-drunk-to-school
रायपुर। मनेंद्रगढ़-चिरमिरी-भरतपुर (एमसीबी) जिले के शिक्षा विभाग में अनुशासनहीनता का गंभीर मामला सामने आया है। ड्यूटी के दौरान नशे में स्कूल पहुंचने पर प्रशासन ने बड़ी कार्रवाई करते हुए दो शिक्षकों को तत्काल प्रभाव से निलंबित कर दिया है।
प्राथमिक शाला बाला, विकासखंड मनेंद्रगढ़ में पदस्थ प्रधानपाठक पारस राम वर्मा और सहायक शिक्षक मेहीलाल सिंह पर यह कार्रवाई की गई है। कलेक्टर डी. राहुल वेंकट के निर्देश पर सहायक विकासखंड शिक्षा अधिकारी ने विद्यालय का औचक निरीक्षण किया, जिसमें दोनों शिक्षक शराब के नशे में पाए गए।
मौके पर पंचनामा तैयार कर दोनों के बयान दर्ज किए गए, जिसमें शराब सेवन की पुष्टि हुई। मामले की गंभीरता को देखते हुए दोनों को सिविल अस्पताल मनेंद्रगढ़ ले जाया गया, जहां मेडिकल जांच में भी शराब सेवन की पुष्टि हो गई।
जांच प्रतिवेदन के आधार पर कलेक्टर ने छत्तीसगढ़ सिविल सेवा (आचरण) नियम 1965 के नियम 3 और 23 के उल्लंघन का दोषी मानते हुए छत्तीसगढ़ सिविल सेवा (वर्गीकरण, नियंत्रण एवं अपील) नियम 1966 के तहत निलंबन आदेश जारी किया।
निलंबन अवधि के दौरान दोनों शिक्षकों का मुख्यालय जिला शिक्षा अधिकारी, मनेंद्रगढ़-चिरमिरी-भरतपुर कार्यालय निर्धारित किया गया है। उन्हें नियमानुसार जीवन निर्वाह भत्ता दिया जाएगा।
प्रशासन ने इस कार्रवाई के जरिए स्पष्ट संदेश दिया है कि शासकीय सेवा में लापरवाही और अनुशासनहीनता किसी भी हाल में बर्दाश्त नहीं की जाएगी और दोषियों के खिलाफ सख्त कदम उठाए जाएंगे।