

Copyright © 2026 rights reserved by Inkquest Media
अन्य समाचार

ambikapur farmer murder tractor land dispute batauli
अंबिकापुर। सरगुजा जिले के बतौली थाना क्षेत्र अंतर्गत ग्राम पंचायत सिलमा में जमीन विवाद ने खूनी रूप ले लिया। रविवार को पारिवारिक भूमि विवाद के चलते एक 57 वर्षीय बुजुर्ग किसान की कथित तौर पर ट्रैक्टर से कुचलकर हत्या कर दी गई। घटना के बाद इलाके में सनसनी फैल गई। पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए दो महिलाओं सहित आठ आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया है।
लंबे समय से चल रहा था जमीन विवाद
जानकारी के अनुसार, ग्राम पंचायत सिलमा निवासी होस राम पैंकरा (57 वर्ष) और ग्राम पथरई निवासी बजरंग पैंकरा के बीच लालमाटी स्थित एक जमीन को लेकर लंबे समय से विवाद चल रहा था। दोनों पक्ष उक्त जमीन पर अपना-अपना दावा कर रहे थे। इस विवाद को लेकर करीब दो महीने पहले भी दोनों पक्षों में मारपीट हुई थी। मामला राजस्व न्यायालय में विचाराधीन है।
खेत की जुताई को लेकर शुरू हुआ विवाद
बताया जा रहा है कि रविवार सुबह करीब 11:30 बजे बजरंग पैंकरा का बेटा ट्रैक्टर लेकर विवादित जमीन की जुताई करने पहुंचा। उसके साथ परिवार के अन्य सदस्य भी मौजूद थे। इसकी जानकारी मिलने पर होस राम पैंकरा अपने परिजनों के साथ मौके पर पहुंचे और जुताई का विरोध किया।
आरोप है कि विरोध करने पर बजरंग पैंकरा और उसके परिवार के लोगों ने होस राम तथा उनके परिजनों की लाठी-डंडों से जमकर पिटाई कर दी। मारपीट के दौरान होस राम जमीन पर गिर पड़े।
ट्रैक्टर चढ़ाकर की गई हत्या
परिजनों का आरोप है कि इसी दौरान उमेश नामक युवक ने ट्रैक्टर होस राम के ऊपर चढ़ा दिया, जिससे उनके सिर और दोनों पैरों पर गंभीर चोटें आईं। ट्रैक्टर से कुचलने के कारण उनकी मौके पर ही मौत हो गई। घटना को अंजाम देने के बाद सभी आरोपी फरार हो गए।

दिनदहाड़े हुई इस वारदात की सूचना मिलते ही पूरे गांव में हड़कंप मच गया और बड़ी संख्या में ग्रामीण मौके पर पहुंच गए। इसके बाद घटना की सूचना बतौली पुलिस को दी गई।
पुलिस ने 8 आरोपियों को किया गिरफ्तार
सूचना मिलते ही बतौली थाना प्रभारी पुलिस टीम के साथ मौके पर पहुंचे और जांच शुरू की। पुलिस ने पंचनामा कार्रवाई के बाद शव को पोस्टमार्टम के लिए अस्पताल भेज दिया। जांच के दौरान मृतक के शरीर पर ट्रैक्टर के पहियों के निशान और कान से खून निकलने के प्रमाण मिले।

मामले की गंभीरता को देखते हुए पुलिस ने तत्काल कार्रवाई करते हुए आरोपियों के घरों में दबिश दी और हत्या में शामिल भुवनेश्वर, बजरंग, उमेश, मनोज, रघुनंदन, बोधन, कमली और प्यारी को गिरफ्तार कर लिया। पुलिस के अनुसार, घटना के समय ट्रैक्टर उमेश चला रहा था।
वसीयतनामा को लेकर भी है विवाद
प्रारंभिक जांच में सामने आया है कि जिस जमीन को लेकर विवाद हुआ, वह कामेश्वरी नामक एक महिला के नाम पर दर्ज थी। महिला निःसंतान थी और उसकी देखभाल धनेश्वरी नाम की महिला करती थी। इसी आधार पर जमीन का वसीयतनामा धनेश्वरी के पक्ष में किए जाने का दावा किया जा रहा है। हालांकि दूसरा पक्ष भी उक्त भूमि पर अपना अधिकार जता रहा है। यही विवाद धीरे-धीरे हिंसक रूप लेता गया और आखिरकार एक बुजुर्ग किसान की जान चली गई।
फिलहाल पुलिस ने सभी आरोपियों को गिरफ्तार कर आगे की कानूनी कार्रवाई शुरू कर दी है। मामले की विस्तृत जांच जारी है।