

Copyright © 2026 rights reserved by Inkquest Media
अन्य समाचार

cg-school-session-gajendra-yadav
रायपुर। छत्तीसगढ़ में नए शैक्षणिक सत्र की शुरुआत 16 जून से होने जा रही है। इससे पहले स्कूल शिक्षा मंत्री गजेंद्र यादव ने दिल्ली से रायपुर पहुंचने पर एयरपोर्ट में मीडिया से चर्चा करते हुए शिक्षा विभाग की तैयारियों, नई भर्तियों, बायोमेट्रिक उपस्थिति, स्कूल भवनों के निर्माण और कांग्रेस के आरोपों पर विस्तार से अपनी बात रखी।
मंत्री गजेंद्र यादव ने कहा कि डेढ़ महीने की छुट्टियों के बाद बच्चे सोमवार से फिर स्कूल लौटेंगे। शुरुआती दिनों में व्यवस्थाओं को व्यवस्थित करने के बाद 30 जून से प्रदेशभर में ‘शाला प्रवेश उत्सव’ की शुरुआत की जाएगी। यह उत्सव संभाग स्तर पर आयोजित होगा, जिसमें मुख्यमंत्री और मंत्रिमंडल के सदस्य भी शामिल होंगे।
उन्होंने बताया कि सरकार की कोशिश है कि शाला प्रवेश उत्सव के दिन स्कूल आने वाले बच्चों को मौके पर ही पाठ्यपुस्तकें, यूनिफॉर्म और साइकिल उपलब्ध करा दी जाए, ताकि बच्चों में नए सत्र को लेकर उत्साह का माहौल बने।
प्रार्थना और मंत्रोच्चार पर कांग्रेस को घेरा
स्कूलों में नई प्रार्थनाओं और मंत्रोच्चार को लेकर कांग्रेस की आपत्तियों पर मंत्री यादव ने तीखी प्रतिक्रिया दी। उन्होंने कहा कि मंत्रोच्चार से बच्चों में संस्कार और सकारात्मकता का विकास होगा। साथ ही राष्ट्रगान, राष्ट्रगीत, राज्यगीत और देश व प्रदेश के महापुरुषों के विचारों का वाचन बच्चों में देशभक्ति और सांस्कृतिक चेतना को मजबूत करेगा।
उन्होंने कहा कि भोजन से पहले मंत्रोच्चार करने से बच्चों में भोजन के प्रति सम्मान और कृतज्ञता की भावना विकसित होगी। कांग्रेस पर निशाना साधते हुए उन्होंने कहा कि विरोध के नाम पर सकारात्मक पहल का विरोध उचित नहीं है।
स्कूलों में बायोमेट्रिक अटेंडेंस लागू
शिक्षकों की बायोमेट्रिक उपस्थिति को लेकर मंत्री ने कहा कि वर्तमान समय तकनीक और आर्टिफिशियल इंटेलिजेंस का है। जब अन्य विभागों में बायोमेट्रिक प्रणाली लागू है तो स्कूलों में इसे लागू करने में कोई आपत्ति नहीं होनी चाहिए।
उन्होंने बताया कि वीएसके (VSK) पैटर्न को पहले पांच जिलों में शुरू किया गया था और अब नए सत्र से इसे पूरे प्रदेश के स्कूलों में लागू किया जाएगा। आने वाले समय में शिक्षकों के लॉग बुक और अन्य प्रशासनिक प्रक्रियाओं को भी ऑनलाइन किया जाएगा, जिससे पारदर्शिता बढ़ेगी और अनियमितताओं पर रोक लगेगी।
शिक्षकों पर अतिरिक्त कार्यों के आरोपों को किया खारिज
शिक्षकों को पढ़ाई के अलावा अन्य कार्य दिए जाने के सवाल पर मंत्री ने कहा कि कुत्तों को पकड़ने जैसे किसी कार्य के लिए शिक्षा विभाग की ओर से कोई आदेश जारी नहीं किया गया है। उन्होंने कहा कि जनगणना का कार्य भी स्कूल अवधि के बाद और गर्मी की छुट्टियों में हुआ था तथा वर्तमान में ऐसा कोई अतिरिक्त कार्य शिक्षकों को नहीं दिया जा रहा है।
15 जुलाई तक होगी 5,500 शिक्षकों की भर्ती
मंत्री गजेंद्र यादव ने कहा कि आत्मानंद अंग्रेजी माध्यम स्कूलों में जाने के इच्छुक शिक्षकों के आदेश अगले एक-दो दिनों में जारी कर दिए जाएंगे। इसके साथ ही विभाग ने नई भर्तियों की तैयारी भी पूरी कर ली है।
उन्होंने बताया कि आत्मानंद, विवेकानंद और अन्य उत्कृष्ट विद्यालयों के लिए लगभग 5,500 शिक्षकों की भर्ती 15 जुलाई से पहले पूरी कर ली जाएगी और चयनित शिक्षकों को उसी अवधि तक पदस्थापना भी दे दी जाएगी।
रिश्वतखोरी के मामलों पर बोले मंत्री
राजस्व विभाग के बाद शिक्षा विभाग में रिश्वतखोरी के अधिक मामलों पर मंत्री ने कहा कि शिक्षा विभाग प्रदेश का सबसे बड़ा विभाग है और कर्मचारियों की संख्या भी सबसे अधिक है। ऐसे में कुछ कमियां सामने आना स्वाभाविक है। हालांकि सरकार लगातार ऑनलाइन और तकनीक आधारित व्यवस्था लागू कर पारदर्शिता बढ़ाने का प्रयास कर रही है, जिससे भ्रष्टाचार की संभावनाओं को कम किया जा सके।
जर्जर स्कूल भवनों के लिए नई योजना
प्रदेश के जर्जर स्कूल भवनों को लेकर मंत्री ने कहा कि पिछले वर्ष लगभग 800 नए स्कूल भवनों की स्वीकृति दी गई थी, जबकि इस वर्ष 1,300 नए स्कूल भवनों की योजना तैयार की गई है। उन्होंने कहा कि विशेष रूप से बस्तर क्षेत्र के लिए अलग विकास योजना बनाई गई है और केंद्र सरकार के सहयोग से वहां शिक्षा अधोसंरचना को मजबूत किया जाएगा।
उन्होंने कहा कि प्रदेश का शिक्षा विभाग बहुत बड़ा है और हर गांव में स्कूल संचालित हैं। ऐसे में कई पुराने भवन जर्जर हो जाते हैं, लेकिन सरकार की कोशिश है कि आने वाले समय में सभी स्कूल बेहतर भवनों और सुविधाओं से युक्त हों।