

Copyright © 2026 rights reserved by Inkquest Media
अन्य समाचार

ambikapur ips ravi kurre son assault case golu ganesh ashutosh gupta arrested
अंबिकापुर। छत्तीसगढ़ के अंबिकापुर में IPS अधिकारी रवि कुर्रे के बेटे से मारपीट और जान से मारने की धमकी देने के मामले में पुलिस ने दो आरोपियों को गिरफ्तार किया है। गिरफ्तार आरोपियों में गोलू गणेश (27) और आशुतोष गुप्ता (22) शामिल हैं। गिरफ्तारी के बाद पुलिस ने दोनों आरोपियों का शहर के मुख्य मार्गों से जुलूस निकाला। पुलिस दोनों को हथकड़ी लगाकर कोतवाली थाने से कोर्ट तक लेकर पहुंची, जहां से उन्हें जेल भेज दिया गया। मामले में शामिल अन्य आरोपी अभी फरार हैं, जिनकी तलाश पुलिस कर रही है।
नाम लेकर बुलाने पर शुरू हुआ विवाद
मामला अंबिकापुर के कोतवाली थाना क्षेत्र का है। पुलिस के मुताबिक, IPS रवि कुर्रे का बेटा लेखांश कुर्रे 7 सितंबर की रात करीब 10 बजे अपने दोस्तों विशाल सोनी और रोमी खान के साथ बौरीपारा तालाब के पास रिंग रोड पर रुका हुआ था। वह अपने दोस्त प्रिंस गुप्ता के आने का इंतजार कर रहा था।
इसी दौरान वहां पहले से मौजूद गोलू गणेश, रतन गुप्ता, कोया डॉन, आशुतोष गुप्ता और उनके अन्य साथी वहां पहुंच गए। बातचीत के दौरान लेखांश ने गोलू गणेश को उसके नाम से बुलाया। आरोप है कि इसी बात को लेकर गोलू गणेश भड़क गया।
उसने कथित तौर पर लेखांश से कहा कि ‘मैं बड़ा गुंडा हूं और तुम मुझे मेरा नाम लेकर बुलाओगे।’ इसके बाद विवाद बढ़ गया और आरोपियों ने गाली-गलौज शुरू कर दी।
‘तेरा बाप पुलिस वाला होगा, हमारा क्या बिगाड़ लेगा’
आरोप है कि विवाद के बाद गोलू गणेश और उसके साथियों ने लेखांश के साथ मारपीट शुरू कर दी। मारपीट के दौरान आरोपियों ने कथित तौर पर उसे धमकाते हुए कहा कि ‘तेरा बाप पुलिस वाला होगा, हमारा क्या बिगाड़ लेगा।’
मारपीट में लेखांश के कान, कंधे, सिर और गले में चोटें आईं। घटना के बाद उसने पुलिस में शिकायत दर्ज कराई। शिकायत के आधार पर कोतवाली पुलिस ने आरोपियों के खिलाफ BNS की धारा 296, 351(1), 115(2) और 3(5) के तहत अपराध दर्ज किया।
दो आरोपी गिरफ्तार, बाकी की तलाश जारी
मामले की जांच के दौरान पुलिस ने गोलू गणेश और आशुतोष गुप्ता को गिरफ्तार कर लिया। वहीं, घटना में शामिल बताए जा रहे अन्य आरोपी अभी पुलिस की गिरफ्त से बाहर हैं। पुलिस उनकी तलाश में जुटी हुई है।
गिरफ्तारी के बाद रविवार को पुलिस ने दोनों आरोपियों का शहर के प्रमुख मार्गों से जुलूस निकाला। दोनों को हथकड़ी लगाकर कोतवाली थाने से मुख्य मार्ग होते हुए कोर्ट तक ले जाया गया। कोर्ट में पेशी के बाद दोनों आरोपियों को जेल भेज दिया गया।
गोलू गणेश पर पहले भी मारपीट का आरोप
पुलिस के अनुसार, आरोपी गोलू गणेश का नाम इससे पहले भी मारपीट और तोड़फोड़ के एक मामले में सामने आ चुका है। सौरभ मिश्रा के घर के सामने खड़ी गाड़ियों में तोड़फोड़ और घर में घुसकर मारपीट के मामले में भी गोलू गणेश आरोपी बताया गया था।
इस मामले में वह फरार चल रहा था। अब IPS के बेटे से मारपीट के मामले में गिरफ्तारी के बाद पुलिस ने उसके खिलाफ दोनों मामलों में कार्रवाई की है।
फिलहाल पुलिस फरार आरोपियों की तलाश कर रही है और पूरे घटनाक्रम से जुड़े अन्य पहलुओं की भी जांच की जा रही है।