

Copyright © 2026 rights reserved by Inkquest Media
अन्य समाचार

raipur police action 146 people ganesh utsav 14 sent to jail
रायपुर। गणेशोत्सव और आगामी त्योहारों के मद्देनजर रायपुर पुलिस ने शहर और ग्रामीण क्षेत्र में कानून-व्यवस्था बनाए रखने के लिए असामाजिक तत्वों और अवैध गतिविधियों के खिलाफ अभियान तेज कर दिया है। पुलिस ने अलग-अलग थाना क्षेत्रों में विशेष पेट्रोलिंग, निगरानी और प्रतिबंधात्मक कार्रवाई करते हुए कुल 146 लोगों के खिलाफ कार्रवाई की है। इनमें रायपुर के पश्चिम क्षेत्र में एक सप्ताह के भीतर 132 लोगों पर कार्रवाई, जबकि तिल्दा-नेवरा क्षेत्र में शांति व्यवस्था बिगाड़ने की आशंका वाले 14 लोगों को जेल भेजा गया।
पश्चिम क्षेत्र में 132 लोगों पर कार्रवाई
पश्चिम क्षेत्र में चलाए गए विशेष अभियान को पुलिस उपायुक्त रॉबिनसन गुड़िया और अतिरिक्त पुलिस उपायुक्त राहुल देव शर्मा के मार्गदर्शन में अंजाम दिया गया। पुलिस ने चाकूबाजी, अवैध हथियार रखने, अवैध शराब, मादक पदार्थों और अन्य आपराधिक गतिविधियों में संलिप्त या संदिग्ध लोगों को चिन्हांकित किया।
अभियान के दौरान पुलिस ने संबंधित मामलों में प्रतिबंधात्मक धाराओं के तहत प्रकरण दर्ज किए, वहीं लंबित गिरफ्तारी वारंटों की भी तामिली कराई गई। पुलिस का फोकस ऐसे लोगों पर रहा, जिनसे त्योहारों के दौरान विवाद या कानून-व्यवस्था की स्थिति बिगड़ने की आशंका हो सकती है।
यह कार्रवाई टिकरापारा, सरस्वती नगर, पुरानी बस्ती, कबीर नगर, डीडी नगर, मुजगहन, आजाद चौक, न्यू राजेंद्र नगर और आमानाका थाना क्षेत्रों में की गई।
पुलिस ने अभियान के दौरान एनडीपीएस एक्ट, आर्म्स एक्ट, आबकारी एक्ट और बीएनएसएस की प्रतिबंधात्मक धाराओं के तहत कार्रवाई की। वहीं कबीर नगर थाना क्षेत्र में कोटपा एक्ट के तहत 212 कार्रवाई भी की गई।
तिल्दा-नेवरा में 14 लोगों को जेल
इधर, रायपुर ग्रामीण पुलिस ने भी त्योहारों को देखते हुए निगरानी और पेट्रोलिंग बढ़ा दी है। 13 सितंबर को तिल्दा-नेवरा क्षेत्र में विशेष पेट्रोलिंग अभियान चलाया गया। इस दौरान पुलिस टीमों ने ऐसे लोगों की पहचान की, जिनसे विवाद, मारपीट या क्षेत्र की शांति भंग होने की आशंका थी।
पुलिस ने ऐसे 14 लोगों को अभिरक्षा में लेकर धारा 170 बीएनएसएस के तहत प्रतिबंधात्मक कार्रवाई की। इसके बाद सभी को अनुविभागीय दंडाधिकारी (एसडीएम) न्यायालय के समक्ष पेश किया गया।
एसडीएम न्यायालय से जेल वारंट जारी होने के बाद सभी 14 लोगों को जेल भेज दिया गया।
त्योहारों से पहले पुलिस की सख्ती
यह कार्रवाई पुलिस अधीक्षक रायपुर ग्रामीण श्वेता श्रीवास्तव सिन्हा के निर्देशन में तथा अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक चंचल तिवारी और एसडीओपी वीरेंद्र चतुर्वेदी के मार्गदर्शन में की गई।
गणेशोत्सव के साथ ही आने वाले अन्य त्योहारों को देखते हुए पुलिस ने स्पष्ट किया है कि असामाजिक तत्वों, अवैध हथियार, नशे और अन्य आपराधिक गतिविधियों में शामिल लोगों पर निगरानी और कार्रवाई जारी रहेगी। पुलिस का उद्देश्य त्योहारों के दौरान शहर और ग्रामीण क्षेत्रों में शांतिपूर्ण माहौल बनाए रखना और किसी भी संभावित विवाद या अपराध को पहले ही रोकना है।