

Copyright © 2026 rights reserved by Inkquest Media
अन्य समाचार

ambikapur lightning strike 3 dead two children injured chhattisgarh
अंबिकापुर। सरगुजा जिले के धौरपुर थाना क्षेत्र अंतर्गत डुमकी पंचायत के खुटापारा गांव में सोमवार को आकाशीय बिजली गिरने से दर्दनाक हादसा हो गया। तेज आंधी-तूफान और मूसलाधार बारिश के दौरान गिरी बिजली की चपेट में आने से 5 वर्षीय मासूम, 9 वर्षीय बच्चे और एक युवक की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि 12 वर्षीय एक बच्चा गंभीर रूप से घायल हो गया। घायल को तत्काल अस्पताल में भर्ती कराया गया है, जहां उसका इलाज जारी है।
आम बीनने गए थे बच्चे
प्राप्त जानकारी के अनुसार, 5 और 9 साल के दो बच्चे गांव के स्कूल मैदान में आम बीनने गए थे। इसी दौरान मौसम अचानक खराब हो गया और तेज गरज-चमक के साथ आकाशीय बिजली गिर गई। दोनों बच्चे इसकी चपेट में आ गए और उनकी मौके पर ही मौत हो गई।
बैल चराते समय युवक भी आया चपेट में
इसी दौरान पास में एक युवक बैल चरा रहा था। बिजली गिरने से वह भी इसकी चपेट में आ गया और घटनास्थल पर ही उसकी मौत हो गई। वहीं 12 वर्षीय एक बच्चा गंभीर रूप से झुलस गया, जिसे ग्रामीणों की मदद से तत्काल अस्पताल पहुंचाया गया।
गांव में पसरा मातम
घटना की सूचना मिलते ही धौरपुर पुलिस और प्रशासन की टीम मौके पर पहुंची। पुलिस ने पंचनामा कार्रवाई के बाद शवों को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है। प्रशासन ने मामले की जांच शुरू कर दी है और मृतकों के परिजनों को हरसंभव सहायता देने का आश्वासन दिया है।
इस हृदयविदारक हादसे के बाद खुटापारा गांव में मातम पसरा हुआ है। एक ही घटना में दो मासूम बच्चों और एक युवक की मौत से पूरे इलाके में शोक का माहौल है।
बारिश के मौसम में सावधानी जरूरी मौसम विभाग लगातार बारिश के साथ गरज-चमक और आकाशीय बिजली गिरने की चेतावनी जारी कर रहा है। ऐसे में खराब मौसम के दौरान खुले मैदान, पेड़ों के नीचे या खेतों में जाने से बचने की सलाह दी गई है।