

Copyright © 2026 rights reserved by Inkquest Media
अन्य समाचार

korba crime news laborer murdered near kotwali police station overbridge
कोरबा। छत्तीसगढ़ के कोरबा जिले में कानून व्यवस्था की धज्जियां उड़ती नजर आ रही हैं। हत्या और जघन्य अपराधों का सिलसिला थमने का नाम नहीं ले रहा है। ताजा मामला सोमवार दोपहर का है, जहां शहर के बीचों-बीच और कोतवाली थाने से महज 200 से 300 मीटर की दूरी पर एक मजदूर ने दूसरे मजदूर की डंडे से बेरहमी से पीट-पीटकर हत्या कर दी। यह पूरी वारदात दोपहर करीब 2 बजे दिनदहाड़े ओवरब्रिज के नीचे अंजाम दी गई, जिससे इलाके में सनसनी फैल गई है।
नशे की सनक और खूनी अंजाम
मिली जानकारी के अनुसार, घटना स्थल (ओवरब्रिज के नीचे) मजदूरों की मंडी की तरह है, जहां हर सुबह रोजगार की तलाश में मजदूर जुटते हैं। सोमवार को मृतक राजेश उर्फ महाराज (45 वर्ष, निवासी सीतामढ़ी) और आरोपी भरत साहू (निवासी बरमपुर) भी वहीं मौजूद थे।
प्रत्यक्षदर्शियों के मुताबिक, दोनों नशे में धुत थे। विवाद तब शुरू हुआ जब आरोपी भरत 'बॉन फिक्स' (टायर चिपकाने वाला सोल्यूशन) का नशा करते हुए अपने कपड़े उतारकर नग्न होने लगा। इस पर राजेश ने आपत्ति जताई और दोनों के बीच विवाद बढ़ गया। शुरुआत में राजेश ने भरत की लात-मुक्कों से पिटाई कर दी और फिर वहीं ओवरब्रिज के नीचे गमछा बिछाकर सो गया।
सोते हुए राजेश पर ताबड़तोड़ वार
मार खाने के करीब आधे घंटे बाद आरोपी भरत कपड़े पहनकर वापस लौटा। उसके हाथ में लकड़ी का एक भारी डंडा (टुकड़ा) था। उसने सोते हुए राजेश के सिर पर ताबड़तोड़ और घातक वार करना शुरू कर दिया। राजेश का सिर बुरी तरह फट गया और वह लहूलुहान हो गया। वहां मौजूद लोग बीच-बचाव करने की जगह वीडियो बनाते रहे, हालांकि कुछ लोगों ने आरोपी को पकड़ने की कोशिश की लेकिन वह हाथ छुड़ाकर भाग निकला। अस्पताल ले जाते समय राजेश ने रास्ते में ही दम तोड़ दिया।
सीसीटीवी फुटेज के आधार पर आरोपी गिरफ्तार
घटना की सूचना मिलते ही पुलिस महकमे में हड़कंप मच गया। सीएसपी प्रतीक चतुर्वेदी ने बताया कि सीसीटीवी फुटेज की मदद से पुलिस ने घेराबंदी की और वारदात के कुछ ही देर बाद आरोपी भरत साहू को मोतीसागर पारा से धर दबोचा। फिलहाल फॉरेंसिक टीम ने मौके पर पहुंचकर जांच शुरू कर दी है और आरोपी के खिलाफ वैधानिक कार्रवाई की जा रही है।
पुलिस के 'सजग कोरबा, सतर्क कोरबा' अभियान पर खड़े हुए सवाल
इस जघन्य हत्याकांड ने कोरबा पुलिस के सुरक्षा दावों की पोल खोलकर रख दी है। हैरान करने वाली बात यह है कि कोतवाली थाने के ठीक सामने अपराधी बेखौफ घूम रहे हैं। अभी बीते रविवार की रात को ही कोतवाली क्षेत्र के मोतीसागर बस्ती में 25 वर्षीय रवि यादव की युवकों के झुंड ने पीट-पीटकर हत्या कर दी थी।
लगातार हो रही चाकूबाजी और मर्डर की वारदातों के बीच पुलिस "सजग कोरबा, सतर्क कोरबा" अभियान चलाकर अपनी पीठ थपथपा रही है, लेकिन जमीनी हकीकत इसके उलट है। शहर के बीचों-बीच हो रहे इन अपराधों पर नकेल कसने में पुलिस नाकाम साबित हो रही है, और अब तक इतनी बड़ी लापरवाइयों के लिए न तो किसी की जवाबदेही तय हुई है और न ही किसी पुलिसकर्मी पर गाज गिरी है।