

Copyright © 2026 rights reserved by Inkquest Media
अन्य समाचार

ambikapur pratappur road firing teachers arrested highway driver assault mobile loot
अंबिकापुर-प्रतापपुर मार्ग पर हाईवा से कार की टक्कर के बाद विवाद इतना बढ़ गया कि कार सवार दो लोगों ने हाईवा को ओवरटेक कर रास्ते में रोक लिया। आरोप है कि दोनों ने हाईवा ड्राइवर को नीचे उतरने के लिए कहा और उसके नहीं उतरने पर पिस्टल से हवाई फायरिंग कर दी। इसके बाद ड्राइवर के साथ मारपीट कर उसका मोबाइल फोन लूट लिया और कार से प्रतापपुर की ओर फरार हो गए। पुलिस ने घेराबंदी कर दोनों आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया है। खास बात यह है कि दोनों आरोपी जशपुर जिले में शिक्षक बताए जा रहे हैं।
मामला सूरजपुर जिले के प्रतापपुर थाना क्षेत्र की खड़गवां चौकी का है।
गिट्टी लेकर भटगांव जा रहा था हाईवा
पुलिस के मुताबिक, हाईवा चालक शिवप्रसाद विश्वकर्मा 18 सितंबर की शाम बरियों से हाईवा में गिट्टी लोड कर भटगांव की ओर जा रहा था। शाम करीब 6:30 बजे रामेश्वरपुर मोड़ के पास खड़गवां कला गांव के जंगल में उसकी गाड़ी की एक वेन्यू कार से टक्कर हो गई।
कार का नंबर CG 14 MU 7274 बताया गया है। टक्कर के बाद कार सवारों ने हाईवा को ओवरटेक किया और कुछ दूरी पर रास्ते में रोक लिया।
नीचे उतरने को कहा, नहीं माना तो कर दी हवाई फायरिंग
शिकायत के अनुसार, कार सवार दोनों लोगों ने हाईवा चालक शिवप्रसाद को गाड़ी से नीचे उतरने के लिए कहा। चालक ने नीचे उतरने से इनकार किया तो आरोपियों ने कार से पिस्टल निकाली और कथित तौर पर हवाई फायरिंग कर दी।
फायरिंग के बाद डरकर चालक नीचे उतरा। इसके बाद दोनों आरोपियों ने कार को टक्कर मारने की बात कहते हुए उसके साथ मारपीट की।
आरोप है कि मारपीट के दौरान दोनों ने हाईवा चालक का मोबाइल फोन भी लूट लिया। इसके बाद दोनों आरोपी अपनी वेन्यू कार में बैठकर प्रतापपुर की ओर फरार हो गए।
शिकायत मिलते ही पुलिस ने शुरू की घेराबंदी
घटना के बाद हाईवा चालक ने खड़गवां चौकी पहुंचकर पुलिस को पूरी घटना की जानकारी दी। पुलिस ने तत्काल मामले की सूचना प्रतापपुर थाना पुलिस को दी और आरोपियों की तलाश में घेराबंदी शुरू कर दी।
घेराबंदी के दौरान पुलिस ने प्रतापपुर में वेन्यू कार को रोक लिया। कार में सवार दोनों लोगों को हिरासत में लेकर पूछताछ की गई।
पुलिस के मुताबिक, आरोपियों की पहचान राजेश कुमार अम्बष्ट (54), निवासी दीनदयाल कॉलोनी, जशपुर और श्यामलाल साहू (56), निवासी महाराजा चौक, जशपुर के रूप में हुई है। दोनों के शिक्षक होने की जानकारी सामने आई है।
लाइसेंसी पिस्टल से फायरिंग का आरोप
एसडीओपी अनूप एक्का के मुताबिक, पुलिस जांच में सामने आया कि पिस्टल राजेश कुमार अम्बष्ट के नाम पर लाइसेंसी है। पुलिस का आरोप है कि इसी पिस्टल से उसके द्वारा अपने साथी के साथ मिलकर हवाई फायरिंग की गई।
घटना के बाद पुलिस और फोरेंसिक टीम ने घटनास्थल की जांच की। मौके से फायर किए गए दो कारतूस/खोखे बरामद किए गए। वहीं, वेन्यू कार की तलाशी के दौरान 5 जिंदा कारतूस और एक मोबाइल फोन जब्त किया गया है।
टक्कर से शुरू हुआ विवाद, पहुंच गया फायरिंग और लूट तक
पुलिस की प्रारंभिक जांच के मुताबिक, पूरा विवाद हाईवा और वेन्यू कार के बीच हुई टक्कर के बाद शुरू हुआ था। कार सवार दोनों लोगों ने हाईवा चालक पर उनकी कार को टक्कर मारने का आरोप लगाया। इसके बाद उन्होंने हाईवा को रोककर चालक से विवाद किया।
विवाद के दौरान कथित तौर पर पिस्टल निकालकर हवाई फायरिंग की गई, फिर चालक के साथ मारपीट कर उसका मोबाइल लूट लिया गया।
पुलिस ने दोनों आरोपियों के खिलाफ धारा 309(6) और आर्म्स एक्ट की धारा 30 के तहत कार्रवाई की है। दोनों आरोपियों को गिरफ्तार करने के बाद न्यायालय में पेश किया गया है। मामले में पुलिस आगे की जांच कर रही है।