

Copyright © 2026 rights reserved by Inkquest Media
अन्य समाचार

janjgir champa lightning strike 4 killed 3 injured chhattisgarh
जांजगीर-चांपा। जिले में शनिवार शाम मौसम ने अचानक करवट ली और आकाशीय बिजली ने दो अलग-अलग जगहों पर कहर बरपा दिया। बलौदा और अकलतरा थाना क्षेत्र में हुई घटनाओं में 4 लोगों की मौत हो गई, जबकि 3 लोग घायल हुए हैं। घायलों का इलाज अस्पताल में जारी है। घटना के बाद गांवों में शोक का माहौल है।
बाड़ी में काम कर रहे लोगों पर गिरी बिजली, 3 की मौत
पहली घटना बलौदा थाना क्षेत्र के ग्राम महुदा में हुई। यहां नदी किनारे स्थित एक बाड़ी में 4 पुरुष और 2 महिलाएं सब्जी की फसल पर काम कर रहे थे। शाम करीब 5 से 6 बजे के बीच अचानक तेज बारिश शुरू हो गई। इसी दौरान आकाशीय बिजली गिरने लगी।
बारिश और बिजली से बचने के लिए सभी लोग बाड़ी में बनी एक छोटी झोपड़ी में चले गए। इसी दौरान झोपड़ी पर ही आकाशीय बिजली गिर गई। बिजली की चपेट में आने से झोपड़ी के अंदर मौजूद सभी लोग झुलस गए।
घटना की सूचना मिलते ही बलौदा पुलिस मौके पर पहुंची और सभी घायलों को तत्काल सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र बलौदा ले जाया गया। यहां डॉक्टरों ने जांच के बाद तीन लोगों को मृत घोषित कर दिया।
मृतकों की पहचान नरेश खेरवार (24), राम भरोस पटेल (32) और तुलसी राम पटेल (51) के रूप में हुई है।
वहीं हादसे में अंजू पटेल (26), दुलारा बाई (46) और बैशाखू खेरवार (32) घायल हुए हैं। तीनों का अस्पताल में इलाज चल रहा है।
बलौदा थाना प्रभारी मनोहर सिन्हा के मुताबिक, सभी लोग बाड़ी में सब्जी की फसल पर काम कर रहे थे। अचानक मौसम खराब होने के बाद यह हादसा हुआ।
घर लौट रहा किसान भी बिजली की चपेट में आया
दूसरी घटना अकलतरा थाना क्षेत्र में सीसीआई के पास हुई। यहां आकाशीय बिजली की चपेट में आने से दुजराम जाटवर (55) की मौत हो गई।
बताया गया कि दुजराम जाटवर बलौदा क्षेत्र का रहने वाला था और खेती के काम से ग्राम मुरलीडीह आया था। वह अपने ससुराल में रुका हुआ था। शनिवार शाम वह वापस घर जाने के लिए निकला था। इसी दौरान रास्ते में आकाशीय बिजली की चपेट में आ गया और उसकी मौके पर ही मौत हो गई।
पोस्टमार्टम के बाद परिजनों को सौंपे जाएंगे शव
दोनों घटनाओं की जानकारी मिलने के बाद पुलिस ने मृतकों के शवों को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए मर्चुरी में रखवा दिया है। पुलिस के अनुसार रविवार को पोस्टमार्टम की कार्रवाई पूरी होने के बाद सभी शव उनके परिजनों को अंतिम संस्कार के लिए सौंपे जाएंगे।
एक ही शाम जिले में आकाशीय बिजली गिरने की दो घटनाओं में चार लोगों की मौत से इलाके में मातम पसरा हुआ है। वहीं तीन घायलों का उपचार जारी है।