

Copyright © 2026 rights reserved by Inkquest Media
अन्य समाचार

ambikapur-son-kills-father-axe-over-alcohol-dispute-body-found-in-water-tank
अंबिकापुर। छत्तीसगढ़ के अंबिकापुर शहर से एक सनसनीखेज और दिल दहला देने वाली घटना सामने आई है। यहां शराब पीने से मना करने पर एक बेटे ने अपने ही पिता की कुल्हाड़ी से हत्या कर दी। हत्या के बाद आरोपी ने शव को पानी की टंकी में छिपा दिया और पास की दुकान पर जाकर बिरयानी खाई, फिर घर लौटकर कंबल ओढ़कर सो गया।
मामला मणिपुर थाना क्षेत्र का है। पुलिस ने आरोपी बेटे को गिरफ्तार कर लिया है और मामले की जांच जारी है।
जानकारी के मुताबिक, बहेरापारा निवासी 50 वर्षीय पारस केरकेट्टा अपने मकान में अकेले रहते थे। उनके घर के पास ही किराए के मकान में उनका छोटा बेटा प्रभात केरकेट्टा उर्फ लेदा (25) रहता था।
सोमवार (2 मार्च) की रात करीब 11 बजे प्रभात शराब के नशे में पिता के घर पहुंचा। पिता पारस ने उसके शराब पीने पर नाराजगी जताई और डांट लगाई। इसी बात को लेकर दोनों के बीच विवाद बढ़ गया।
गुस्से में आकर प्रभात ने घर में रखी टांगी (कुल्हाड़ी) उठा ली और पिता के सिर पर कई वार कर दिए। गंभीर चोट लगने से पारस केरकेट्टा की मौके पर ही मौत हो गई।
हत्या के बाद आरोपी ने शव को घर के बगल में बनी छोटी पानी की टंकी में डाल दिया, ताकि किसी को शक न हो। वारदात को अंजाम देने के बाद वह पास की एक दुकान पर गया, जहां उसने बिरयानी खाई। इसके बाद वह घर लौट आया और कंबल ओढ़कर सो गया, मानो कुछ हुआ ही न हो।
घटना के दौरान आसपास के लोगों ने पिता-पुत्र के बीच विवाद होते देखा और आवाजें सुनी थीं। जब देर रात तक पारस नजर नहीं आए तो पड़ोसियों को शक हुआ। उन्होंने पुलिस को सूचना दी।
सूचना मिलते ही मणिपुर थाना पुलिस मौके पर पहुंची और आरोपी प्रभात को हिरासत में ले लिया। पूछताछ में उसने हत्या की बात स्वीकार करते हुए कहा कि गुस्से में यह “बाय मिस्टेक” हो गया।
मंगलवार (3 मार्च) सुबह थाना प्रभारी सीपी तिवारी पुलिस बल के साथ मौके पर पहुंचे और पानी की टंकी से शव को बाहर निकलवाया। फॉरेंसिक टीम ने घटनास्थल का निरीक्षण किया। पारस केरकेट्टा के सिर पर गहरे चोट के निशान मिले हैं, जिससे साफ है कि उन पर कई बार वार किया गया था।
थाना प्रभारी सीपी तिवारी के अनुसार, प्रारंभिक जांच में सामने आया है कि शराब पीने को लेकर विवाद हुआ था, जिसके बाद बेटे ने पिता की हत्या कर दी। आरोपी प्रभात केरकेट्टा उर्फ लेदा को गिरफ्तार कर लिया गया है और आगे की कानूनी कार्रवाई की जा रही है।