

Copyright © 2026 rights reserved by Inkquest Media
अन्य समाचार

amit-shah-guru-tegh-bahadur-350th-martyrdom-day
मुम्बई। महाराष्ट्र के नवी मुंबई में सिख धर्म के नौवें गुरु श्री गुरु तेग बहादुर जी का 350वां शहीदी दिवस समारोह आयोजित किया गया। इस अवसर पर केंद्रीय गृह एवं सहकारिता मंत्री अमित शाह ने गुरु साहिब को नमन किया और उनके बलिदान को याद किया।
शाह ने कहा, “यदि नौवें गुरु श्री गुरु तेग बहादुर जी हिंदू धर्म और हिंदुओं को बचाने के लिए शहादत न देते, तो आज विश्व में कोई हिंदू नहीं बचता।” उन्होंने बताया कि गुरु तेग बहादुर जी ने औरंगजेब के शासन में धर्म-परिवर्तन से पीड़ित कश्मीरी पंडितों की रक्षा करते हुए उन्हें संरक्षण प्रदान किया।
अमित शाह ने श्री गुरु नानक देव जी के प्रसिद्ध मंत्र ‘नाम जपो, कीरत करो और वंड छको’ का उल्लेख करते हुए कहा कि इसी परंपरा ने भारत की हजारों वर्षों पुरानी सांस्कृतिक विरासत को नया जीवन दिया और गुरु तेग बहादुर जी भी इसी परंपरा के अनुयायी रहे।
उन्होंने 'सरबंसदानी' श्री गुरु गोबिंद सिंह जी को याद करते हुए कहा कि स्वधर्म के लिए पूरे परिवार का बलिदान देने वाला ऐसा पराक्रमी इतिहास में दूसरा कोई नहीं है। शाह ने दसों गुरुओं से प्रेरणा लेने और धर्म परिवर्तन के विरुद्ध देशवासियों को एकजुट होने का आह्वान किया।
समारोह में सिख समुदाय के कई गणमान्य लोग उपस्थित रहे और गुरु साहिब के बलिदान और उनके द्वारा मानवता के लिए निभाए गए कर्तव्यों को याद किया गया।