

Copyright © 2026 rights reserved by Inkquest Media
अन्य समाचार

apex-bank-fake-loan-biometrics-eow-investigation
रायपुर। छत्तीसगढ़ राज्य सहकारी बैंक (अपेक्स बैंक) के अध्यक्ष केदारनाथ गुप्ता ने बुधवार को रायपुर के पंडरी स्थित अपेक्स बैंक मुख्यालय में आयोजित प्रेस वार्ता में कई अहम घोषणाएं कीं। उन्होंने बैंकिंग व्यवस्था में सुधार, किसानों को दी जा रही सुविधाओं और पूर्व कार्यकाल में हुए कथित भ्रष्टाचार को लेकर बड़ा बयान दिया। एक ओर जहां किसानों के लिए नई सुविधाओं की घोषणा की गई, वहीं दूसरी ओर पूर्व कांग्रेस सरकार के कार्यकाल में गंभीर अनियमितताओं और घोटालों के आरोप भी लगाए गए, जिनकी जांच अब आर्थिक अपराध अन्वेषण शाखा (EOW) से कराए जाने की बात कही गई है।
प्रेस कॉन्फ्रेंस में केदारनाथ गुप्ता ने पिछली कांग्रेस सरकार को निशाने पर लेते हुए कहा कि उसके कार्यकाल में किसानों के नाम पर बिना जानकारी दिए लोन उठाए जाते थे। उन्होंने आरोप लगाया कि कई किसानों को तब तक इस बात की भनक नहीं लगती थी, जब तक उनके पास बैंक के नोटिस नहीं पहुंच जाते थे। इसके बाद किसान दफ्तरों के चक्कर काटने को मजबूर हो जाते थे। उन्होंने कहा कि उस दौर में बड़े पैमाने पर गड़बड़ियां हुईं। कुछ मामलों में कार्रवाई भी की गई है, जबकि कई पुराने मामलों की फाइलें अब दोबारा खोली जा रही हैं।
केदारनाथ गुप्ता ने स्पष्ट किया कि मौजूदा सरकार की मंशा अपेक्स बैंक को पूरी तरह आधुनिक, पारदर्शी और किसान-हितैषी बनाने की है। इसी दिशा में बैंक में तकनीकी सुधार किए जा रहे हैं, ताकि भ्रष्टाचार की हर संभावना को खत्म किया जा सके और किसानों को सीधे लाभ मिल सके। उन्होंने कहा कि बैंक की कार्यप्रणाली में पारदर्शिता लाने के लिए डिजिटल और तकनीकी उपायों को प्राथमिकता दी जा रही है।
अपेक्स बैंक अध्यक्ष ने बड़ा ऐलान करते हुए बताया कि अब लोन वितरण की प्रक्रिया में बायोमेट्रिक सिस्टम लागू किया जा रहा है। इसके तहत किसान को खुद बैंक में उपस्थित होकर थंब इम्प्रेशन देना अनिवार्य होगा। इससे किसी भी व्यक्ति द्वारा किसान के नाम पर फर्जी तरीके से लोन उठाने की संभावना पूरी तरह खत्म हो जाएगी। उन्होंने कहा कि इस व्यवस्था के लागू होने से दलालों और बिचौलियों की भूमिका समाप्त होगी और वास्तविक किसान को ही बैंक की योजनाओं का लाभ मिलेगा।
केदारनाथ गुप्ता ने कहा कि किसानों के नाम पर जिन्होंने भी लूट की है, उनकी पहचान की जा रही है। ऐसे सभी मामलों की जांच ईओडब्ल्यू से कराई जाएगी और दोषियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई होगी। उन्होंने दो टूक कहा कि अब अपेक्स बैंक घोटालों का अड्डा नहीं, बल्कि किसानों का भरोसेमंद सहारा बनेगा।
प्रेस वार्ता के अंत में केदारनाथ गुप्ता ने भरोसा दिलाया कि अपेक्स बैंक किसानों के हितों की रक्षा के लिए पूरी प्रतिबद्धता के साथ काम करेगा। आने वाले समय में बैंकिंग सेवाओं को और सरल, सुरक्षित और पारदर्शी बनाया जाएगा, ताकि छत्तीसगढ़ के किसानों का भरोसा फिर से मजबूत हो सके।