

Copyright © 2026 rights reserved by Inkquest Media
अन्य समाचार

army-chief-general-upendra-dwivedi-statement-pakistan-threat-operation-sindoor
नई दिल्ली: भारतीय सेना प्रमुख जनरल उपेंद्र द्विवेदी के एक कड़े संदेश ने पड़ोसी देश पाकिस्तान के राजनीतिक और सैन्य गलियारों में हड़कंप मचा दिया है। जनरल द्विवेदी ने पाकिस्तान को दो टूक शब्दों में चेतावनी देते हुए कहा था कि यदि उसने सीमा पार से आतंकवाद को बढ़ावा देना बंद नहीं किया, तो उसे खुद तय करना होगा कि उसे भूगोल का हिस्सा बने रहना है या इतिहास बन जाना है।
सेना प्रमुख के इस बयान से तिलमिलाए पाकिस्तान ने अपनी पुरानी आदत के मुताबिक परमाणु राग अलापना शुरू कर दिया है। पाक सेना और सरकार की ओर से प्रतिक्रिया आई है कि एक परमाणु संपन्न देश को इस तरह की धमकी देना ठीक नहीं है। पाकिस्तान ने भारतीय सेना प्रमुख के इस बयान को 'मानसिक दिवालियापन' तक करार दे दिया है।
पाक सेना ने एक बयान जारी कर कहा, "एक संप्रभु परमाणु पड़ोसी का भूगोल समाप्त करने की धमकी देना न तो रणनीतिक संकेत है और न ही युद्ध में जाने का जोखिम उठाना, यह पूरी तरह से दिवालियापन है।" पाक ने आगे कहा कि जिम्मेदार परमाणु राज्यों को संयम और परिपक्वता का प्रदर्शन करना चाहिए।
क्या है 'ऑपरेशन सिंदूर'?
पाकिस्तान शायद पिछले साल की वो चोट भूल गया है जो भारत ने उसे दी थी। पिछले वर्ष पहलगाम में हुए आतंकी हमले (जिसमें 26 लोग मारे गए थे) के जवाब में भारतीय सेना ने 7 मई को 'ऑपरेशन सिंदूर' शुरू किया था। इसके तहत भारतीय सेना ने पाकिस्तान और पाकिस्तान अधिकृत कश्मीर (PoK) में मौजूद 9 आतंकी ठिकानों पर जोरदार हवाई हमले किए थे, जिसमें 100 से अधिक आतंकवादी ढेर कर दिए गए थे। पाकिस्तान ने इसके बाद जवाबी कार्रवाई की कोशिश की थी, जिसे भारतीय सेना ने नाकाम कर दिया था।