

Copyright © 2026 rights reserved by Inkquest Media
अन्य समाचार

asian games 2026 sanju devi 51 lakh reward cm vishnu deo sai
रायपुर। एशियन गेम्स 2026 में स्वर्ण पदक जीतने वाली भारतीय महिला कबड्डी टीम की सदस्य और छत्तीसगढ़ की बेटी संजू देवी ने मुख्यमंत्री निवास में मुख्यमंत्री विष्णु देव साय से सौजन्य मुलाकात की। इस दौरान मुख्यमंत्री ने संजू देवी को उनकी शानदार उपलब्धि के लिए बधाई दी और 51 लाख रुपए की प्रोत्साहन राशि देने की घोषणा की।

मुख्यमंत्री विष्णु देव साय ने कहा कि संजू देवी ने अपने उत्कृष्ट खेल, कड़ी मेहनत और दृढ़ संकल्प से अंतरराष्ट्रीय मंच पर छत्तीसगढ़ और देश का गौरव बढ़ाया है। उनकी सफलता प्रदेश की बेटियों और युवा खिलाड़ियों के लिए प्रेरणादायी है।
उन्होंने कहा कि छत्तीसगढ़ में खेल प्रतिभाओं की कोई कमी नहीं है। राज्य सरकार का प्रयास है कि प्रतिभाशाली खिलाड़ियों को बेहतर प्रशिक्षण, संसाधन और प्रोत्साहन उपलब्ध कराया जाए, ताकि वे राष्ट्रीय और अंतरराष्ट्रीय स्तर पर प्रदेश का नाम रोशन कर सकें।
एशियन गेम्स में भारत ने जीता स्वर्ण
जापान में आयोजित एशियन गेम्स 2026 की महिला कबड्डी स्पर्धा में भारतीय टीम ने शानदार प्रदर्शन किया। फाइनल मुकाबले में भारत ने ईरान को हराकर स्वर्ण पदक अपने नाम किया। इस ऐतिहासिक जीत में छत्तीसगढ़ के कोरबा जिले की संजू देवी ने भी महत्वपूर्ण योगदान दिया।
मुख्यमंत्री ने संजू देवी से एशियन गेम्स के अनुभवों और भारतीय टीम के प्रदर्शन को लेकर बातचीत की। उन्होंने संजू देवी की मेहनत और खेल के प्रति समर्पण की सराहना करते हुए उनके उज्ज्वल भविष्य की कामना की।
मुख्यमंत्री ने कहा कि किसी खिलाड़ी की उपलब्धि केवल उसकी व्यक्तिगत सफलता नहीं होती, बल्कि उससे हजारों युवाओं को प्रेरणा मिलती है। संजू देवी की सफलता छत्तीसगढ़ के गांवों और छोटे शहरों में खेल के क्षेत्र में आगे बढ़ने का सपना देख रहे बच्चों और युवाओं का आत्मविश्वास बढ़ाएगी।
दूरस्थ इलाकों की प्रतिभाओं को भी मिलेगा मौका
विष्णु देव साय ने कहा कि राज्य सरकार छत्तीसगढ़ में खेल और खिलाड़ियों के लिए सकारात्मक वातावरण तैयार करने की दिशा में लगातार काम कर रही है। सरकार का प्रयास है कि प्रदेश के दूरस्थ अंचलों से निकलने वाली प्रतिभाओं को भी अपनी क्षमता निखारने और राष्ट्रीय-अंतरराष्ट्रीय खेल मंचों तक पहुंचने के पर्याप्त अवसर मिलें।
उन्होंने कहा कि संजू देवी जैसी खिलाड़ियों की उपलब्धियां राज्य सरकार के इस प्रयास को और मजबूती देती हैं।
वहीं, संजू देवी ने मुख्यमंत्री के प्रति आभार जताते हुए कहा कि राज्य सरकार की ओर से मिला यह सम्मान और प्रोत्साहन उन्हें भविष्य में और बेहतर प्रदर्शन करने के लिए प्रेरित करेगा।