

Copyright © 2026 rights reserved by Inkquest Media
अन्य समाचार

assam-cm-himanta-biswa-sarma-defamation-case-bhupesh-baghel-land-controversy
नई दिल्ली: असम के मुख्यमंत्री हिमंता बिस्वा सरमा ने छत्तीसगढ़ के पूर्व मुख्यमंत्री भूपेश बघेल सहित कांग्रेस नेताओं जितेंद्र सिंह और गौरव गोगोई के खिलाफ 500 करोड़ रुपये का मानहानि मुकदमा दर्ज कराया है। यह मामला 4 फरवरी को गुवाहाटी में आयोजित एक प्रेस कॉन्फ्रेंस के दौरान लगाए गए ‘12,000 बीघा जमीन’ से संबंधित आरोपों से जुड़ा है।
सीएम सरमा ने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म X पर कहा कि भूपेश बघेल और अन्य कांग्रेस नेताओं ने उनके खिलाफ जानबूझकर गलत और दुर्भावनापूर्ण आरोप लगाए, जिससे उनकी सार्वजनिक छवि को गंभीर नुकसान पहुंचा है। इसके चलते उन्होंने सिविल और क्रिमिनल मानहानि का केस अदालत में दर्ज कराया।

सरमा ने बताया कि 9 फरवरी 2026 को कांग्रेस नेताओं के खिलाफ कानूनी प्रक्रिया शुरू कर दी गई। उन्होंने कहा, “राजनीतिक असहमति अलग बात है, लेकिन सार्वजनिक मंच से निराधार और झूठे आरोप लगाना कानून के तहत अपराध है।”
यह विवाद 4 फरवरी को हुई प्रेस वार्ता से शुरू हुआ, जिसमें असम कांग्रेस अध्यक्ष गौरव गोगोई ने दावा किया था कि मुख्यमंत्री और उनके परिवार ने राज्य भर में लगभग 12,000 बीघा जमीन पर कब्जा किया हुआ है। सीएम सरमा ने इस दावे को पूरी तरह झूठा, दुर्भावनापूर्ण और मानहानिकारक करार दिया।