

Copyright © 2026 rights reserved by Inkquest Media
अन्य समाचार

shivrinarayan-maghi-mela-ferris-wheel-accident-girls-injured
शिवरीनारायण: माघी मेले में मंगलवार को नगर पंचायत कार्यालय के सामने संचालित आकाश झूले की कुर्सी टूटने से दो युवतियां गंभीर रूप से घायल हो गईं। घटना से मेला परिसर में अफरा-तफरी मच गई।
जानकारी के अनुसार, मंगलवार शाम लगभग चार बजे जांजगीर-चांपा जिले के ग्राम मल्दा से मेला देखने आई चंद्रकांती कश्यप (15 वर्ष) और भूमिका कश्यप (21 वर्ष) झूले के नीचे खड़ी थीं। इसी दौरान उमेश गुप्ता द्वारा संचालित आकाश झूले की एक कुर्सी अचानक टूटकर नीचे गिर गई, जो सीधे दोनों युवतियों पर जा लगी।
घटना के तुरंत बाद स्थानीय लोगों की मदद से दोनों घायलों को एम्बुलेंस के माध्यम से शिवरीनारायण स्थित शबरी अस्पताल में भर्ती कराया गया। चिकित्सकों के अनुसार चंद्रकांती की स्थिति स्थिर है, जबकि भूमिका की गंभीर स्थिति को देखते हुए उन्हें बेहतर इलाज के लिए बिलासपुर रेफर किया गया है।
हादसे ने मेले में सुरक्षा व्यवस्था पर सवाल खड़े कर दिए हैं। स्थानीय लोगों का कहना है कि झूलों और अन्य मनोरंजन साधनों की नियमित फिटनेस जांच नहीं की जाती, और मेला प्रशासन तथा संबंधित विभागों द्वारा सख्त निरीक्षण नहीं किया जाता।
एसडीओपी यदुमणि सिदार ने बताया कि झूला संचालक को नोटिस जारी कर तकनीकी जांच प्रमाणपत्र की मांग की गई है। झूले को एहतियात के तौर पर बंद कर दिया गया है और आगे की कार्रवाई की जाएगी।
पुलिस और मेला प्रशासन मामले की जांच में जुट गए हैं। घटना ने मेले में सुरक्षा इंतजामों की गंभीर कमियों को उजागर कर दिया है।