

Copyright © 2026 rights reserved by Inkquest Media
अन्य समाचार

balod acid attack head constable daughter accused arrested
छत्तीसगढ़ के बालोद जिले से एक दिल दहला देने वाली घटना सामने आई है. यहां लाइब्रेरी से पढ़ाई करके अपने घर लौट रही पुलिस विभाग के एक हेड कांस्टेबल की 22 वर्षीय बेटी पर एकतरफा प्यार में एक युवक ने अपने दोस्त के जरिए एसिड अटैक करवा दिया. इस जघन्य हमले में युवती का चेहरा और शरीर का दाहिना हिस्सा बुरी तरह झुलस गया है. पुलिस ने तत्परता दिखाते हुए मुख्य आरोपी सहित दोनों आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया है.
सोमवार को बालोद के शिवाय कॉलोनी आनंद मार्ग में पुलिस विभाग में पदस्थ हेड कांस्टेबल की 22 वर्षीय बेटी अपनी पढ़ाई के बाद घर लौट रही थी. इसी दौरान एक युवक ने वहां आकर उसके चेहरे पर एसिड फेंक दिया. तेजाब पड़ते ही छात्रा तेज जलन से चिल्लाने लगी, जिसे आस-पास के लोगों ने तुरंत जिला अस्पताल पहुंचाया.
पुलिस की जांच में खुलासा हुआ कि बालोद का एक युवक पीड़ित युवती से एकतरफा प्रेम करता था. उसने दोस्ती का हवाला देकर और अपने एक दोस्त को शामिल करके इस घटना को अंजाम दिलवाया. घटना को अंजाम देने के बाद आरोपी अपनी महिला मित्र के साथ बालोद से निकल गया था.
पीड़िता की हालत गंभीर होने पर उसे रायपुर रेफर किया गया, जहां प्लास्टिक सर्जरी डिपार्टमेंट में उसका इलाज चल रहा है. पीड़िता के पिता ने बताया कि उनकी बेटी पढ़ाई में बहुत होशियार थी और अफसर बनना चाहती थी. इस घटना से पूरे परिवार में शोक और आक्रोश है.
रायपुर के प्लास्टिक सर्जन डॉ. देशराज शाह के अनुसार, पीड़िता पर जो एसिड फेंका गया था वह बेहद खतरनाक था. अस्पताल पहुंचते ही एसिड को न्यूट्रलाइज किया गया है. चेहरे की स्किन पर ट्रीटमेंट जारी है और अगले 24 से 48 घंटे बेहद महत्वपूर्ण होंगे.
सुप्रीम कोर्ट के निर्देशों के तहत छत्तीसगढ़ एसिड नियंत्रण नियम 2014 लागू है, जिसके अंतर्गत बिना लाइसेंस और पहचान पत्र के तेजाब बेचना गैर-कानूनी है. नियमों का उल्लंघन करने पर प्रशासन द्वारा 50,000 रुपये तक का जुर्माना और जेल की सजा का प्रावधान है.