

Copyright © 2026 rights reserved by Inkquest Media
अन्य समाचार

balod-rabid-dog-attack-child-seriously-injured
बालोद जिले के डौंडीलोहारा थाना क्षेत्र के ग्राम चिल्हाटीखुर्द में एक पागल कुत्ते ने गांव में दहशत फैला दी। कुत्ते ने घर के बाहर खेल रहे 4 वर्षीय मासूम नादित्य पाथरे पर अचानक हमला कर दिया। हमले में बच्चे के सिर, नाक, कान, मुंह, हाथ और पैरों समेत शरीर के 17 स्थानों पर गंभीर चोटें आई हैं। बच्चे की हालत गंभीर होने पर उसे रायपुर रेफर किया गया, जहां निजी अस्पताल में उसका इलाज जारी है।
जानकारी के अनुसार, नादित्य अपने घर के बाहर खेल रहा था, तभी एक पागल कुत्ता वहां पहुंचा और उस पर टूट पड़ा। कुत्ते ने बच्चे को जमीन पर गिराकर बुरी तरह नोचना शुरू कर दिया। मासूम की चीख सुनकर उसके दादा ललित पाथरे दौड़ते हुए मौके पर पहुंचे और अपनी जान जोखिम में डालकर बच्चे को बचाया। ग्रामीणों की मदद से किसी तरह बच्चे को कुत्ते के चंगुल से छुड़ाया गया।
घटना के बाद परिजन बच्चे को पहले डौंडीलोहारा अस्पताल लेकर पहुंचे, जहां प्राथमिक उपचार के बाद उसे राजनांदगांव मेडिकल कॉलेज भेजा गया। हालत गंभीर होने पर डॉक्टरों ने उसे रायपुर रेफर कर दिया। डॉक्टरों के मुताबिक बच्चे की स्थिति स्थिर होने के बाद उसका ऑपरेशन किया जाएगा।
ग्रामीणों ने बताया कि हमलावर कुत्ते ने गांव के दो अन्य लोगों और चार मवेशियों पर भी हमला किया। लगातार हमलों से नाराज ग्रामीणों ने कुत्ते को घेरकर मार गिराया।
बताया जा रहा है कि नादित्य के पिता दीपक पाथरे का पिछले साल निधन हो चुका है। ऐसे में इस घटना ने परिवार को एक और गहरा सदमा दिया है। घटना के बाद ग्रामीणों ने प्रशासन से गांव में आवारा और हिंसक कुत्तों पर नियंत्रण के लिए सख्त कार्रवाई की मांग की है।