

Copyright © 2026 rights reserved by Inkquest Media
अन्य समाचार

banjari ghati accident mercedes driver sagar hemla arrested truck driver suicide
रायपुर। जगदलपुर-बीजापुर नेशनल हाईवे-63 पर स्थित बंजारी घाटी में हुए एक सड़क हादसे ने उस वक्त बेहद दर्दनाक मोड़ ले लिया, जब हादसे के बाद डिप्रेशन में आए 25 वर्षीय ट्रक ड्राइवर ताम्रध्वज साहू उर्फ सोनू ने फांसी लगाकर आत्महत्या कर ली। इस मामले में गीदम थाना पुलिस ने बड़ी कार्रवाई करते हुए प्रताड़ना और धमकी देने के आरोपी मर्सिडीज कार चालक सागर हेमला (42) को गिरफ्तार कर जेल भेज दिया है। पुलिस ने यह कार्रवाई मृतक के चाचा (प्रत्यक्षदर्शी) के बयान और सुसाइड से पहले ड्राइवर द्वारा बनाए गए सोशल मीडिया वीडियो व डिजिटल सबूतों के आधार पर की है।
पुलिस जांच और मृतक के चाचा हेमसिंग द्वारा दिए गए बयानों के अनुसार, यह पूरी घटना 11 जून की है। बंजारी घाटी के पास ताम्रध्वज के ट्रक और एक मर्सिडीज कार के बीच टक्कर हो गई थी। हादसे के तुरंत बाद मर्सिडीज ड्राइवर सागर हेमला (निवासी- गंगालूर, बीजापुर) ने आपा खो दिया और ट्रक ड्राइवर ताम्रध्वज साहू के साथ गाली-गलौज करते हुए उसकी बेरहमी से पिटाई कर दी।
प्रत्यक्षदर्शी चाचा हेमसिंग ने बताया “ताम्रध्वज मुझे अपने साथ सिर्फ घूमने के लिए लेकर आया था। हादसे के बाद कार चालक ने ताम्रध्वज को बुरी तरह पीटा और कार डैमेज के हर्जाने के रूप में 1 करोड़ रुपए की मांग करने लगा। पैसे न देने पर उसने जान से मारने और परिवार को तबाह करने की धमकी दी। वह फोन पर भी किसी से हमें खत्म करने की बात कर रहा था।”
इस खौफनाक धमकी और मारपीट के बाद ट्रक ड्राइवर ताम्रध्वज मानसिक रूप से बुरी तरह टूट गया था। अगले दिन उसने फांसी लगाकर अपनी जीवनलीला समाप्त कर ली। हालांकि, आत्मघाती कदम उठाने से पहले ताम्रध्वज ने अपने सोशल मीडिया अकाउंट पर कई वीडियो पोस्ट किए थे। इन वीडियो में उसने रोते हुए अपनी पीड़ा बयां की थी और बताया था कि किस तरह मर्सिडीज का मालिक उसे डरा-धमका रहा है।
घटना के बाद मृतक के परिजनों और प्रत्यक्षदर्शी चाचा ने गीदम थाने में लिखित आवेदन देकर आरोपी के खिलाफ सख्त कार्रवाई की मांग की थी। पुलिस ने मर्ग कायम कर तफ्तीश शुरू की। गीदम थाना पुलिस ने घटनास्थल का बारीकी से निरीक्षण किया, गवाहों के बयान लिए और मृतक के मोबाइल स्क्रीनशॉट व सोशल मीडिया पर अपलोड वीडियो जैसे कड़े डिजिटल सबूतों को इकट्ठा किया।
पर्याप्त सबूत मिलने के बाद पुलिस ने आरोपी मर्सिडीज ड्राइवर सागर हेमला को धरदबोचा। आरोपी को कोर्ट में पेश किया गया, जहां से उसे न्यायिक रिमांड पर जेल भेज दिया गया है।
इस पूरे मामले पर SDOP गोविंद सिंह दीवान ने बताया “आरोपी के खिलाफ भारतीय न्याय संहिता (BNS) की सुसंगत धाराओं के तहत आपराधिक मामला दर्ज कर उसे गिरफ्तार कर लिया गया है। मामले की विस्तृत जांच अभी जारी है। विवेचना के दौरान जो भी नए तथ्य और डिजिटल साक्ष्य सामने आएंगे, उनके आधार पर आगे की वैधानिक कार्रवाई की जाएगी।”