

Copyright © 2026 rights reserved by Inkquest Media
अन्य समाचार

bastar-pastor-beaten-over-conversion-allegations-retawand-village
रायपुर: छत्तीसगढ़ के बस्तर जिले के रेटावंड गांव में धर्मांतरण के आरोपों को लेकर माहौल गरमा गया है। ग्रामीणों ने ओडिशा से आए एक पास्टर पर धर्म परिवर्तन कराने का आरोप लगाते हुए उसकी जमकर पिटाई कर दी। घटना का वीडियो सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो रहा है, जिसमें भीड़ पास्टर के साथ मारपीट करती और उसकी शर्ट फाड़ती नजर आ रही है।
क्या है पूरा मामला?
जानकारी के मुताबिक, पीड़ित पास्टर मूल रूप से ओडिशा के नवरंगपुर इलाके का निवासी है। वह पिछले करीब डेढ़ साल से अपने परिवार के साथ बस्तर थाना क्षेत्र के रेटावंड गांव में रह रहा था। ग्रामीणों का आरोप है कि पास्टर काफी समय से स्थानीय लोगों को प्रलोभन देकर उनका धर्म बदलने की कोशिश कर रहा था।
इस मामले को लेकर रविवार को गांव में एक विशेष बैठक बुलाई गई थी। इस बैठक में गांव के स्थानीय निवासियों के साथ-साथ वे परिवार भी शामिल हुए थे जिन्होंने हाल के समय में धर्म परिवर्तन किया था।
ग्रामीणों ने सर्वसम्मति से पास्टर को सपरिवार गांव छोड़कर जाने का आदेश दिया। जब पास्टर ने इस फैसले का विरोध किया, तो ग्रामीण आक्रोशित हो गए। देखते ही देखते विवाद इतना बढ़ा कि भीड़ ने पास्टर पर लात-घूंसों और चप्पलों से हमला कर दिया।
घटना की सूचना मिलते ही पुलिस और प्रशासन की टीम मौके पर पहुंची और स्थिति को संभाला। पास्टर ने इस मामले में पुलिस को लिखित शिकायत दर्ज कराई है। हालांकि, गांव में तनाव को देखते हुए प्रशासन ने दोनों पक्षों के साथ काउंसलिंग की है।
अधिकारियों के अनुसार, पास्टर ने ग्रामीणों को आश्वासन दिया है कि वह जल्द ही गांव छोड़कर अपने गृह राज्य लौट जाएगा। गांव में फिलहाल स्थिति नियंत्रण में है, लेकिन एहतियातन पुलिस बल तैनात है ताकि दोबारा कोई अप्रिय घटना न हो। ग्रामीण अब भी अपनी मांग पर अड़े हैं कि पास्टर को तत्काल गांव खाली करना होगा। प्रशासन इस संवेदनशील मामले पर पैनी नजर बनाए हुए है।