

Copyright © 2026 rights reserved by Inkquest Media
अन्य समाचार

batwara-1947-sunny-deol-rajkumar-santoshi-jaipur-rambagh-palace-promotion
जयपुर। आमिर खान प्रोडक्शंस की बहुप्रतीक्षित फिल्म 'बंटवारा 1947' के प्रमोशनल अभियान की शुरुआत जयपुर के ऐतिहासिक रामबाग पैलेस से हुई। यह शुरुआत इसलिए भी खास रही क्योंकि यही वह जगह है, जहां करीब तीन दशक पहले निर्देशक राजकुमार संतोषी ने अपनी पहली निर्देशित फिल्म 'घायल' की कहानी अभिनेता धर्मेंद्र को सुनाई थी। उसी फिल्म ने सनी देओल और राजकुमार संतोषी की जोड़ी को हिंदी सिनेमा की सबसे सफल जोड़ियों में शामिल कर दिया था।
करीब 30 साल बाद सनी देओल और राजकुमार संतोषी एक बार फिर साथ लौटे हैं और इस बार उनकी नई फिल्म 'बंटवारा 1947' के प्रचार की शुरुआत भी उसी ऐतिहासिक स्थान से हुई। इस मौके ने दोनों कलाकारों के लिए पुरानी यादों को फिर से ताजा कर दिया।
फिल्म के प्रचार के दौरान सनी देओल जयपुर पहुंचे, जहां उन्होंने रामबाग पैलेस में ठहरकर पुराने दिनों को याद किया। मेकर्स ने इस दौरे का एक वीडियो भी सोशल मीडिया पर साझा किया, जिसमें सनी देओल और राजकुमार संतोषी जयपुर से जुड़ी यादें साझा करते नजर आए। बड़ी संख्या में पहुंचे प्रशंसकों ने दोनों का गर्मजोशी से स्वागत किया।
मेकर्स ने वीडियो के साथ लिखा कि “'बंटवारा 1947' का सफर जयपुरवासियों के प्यार के साथ शुरू हुआ। यह दिन हमेशा यादगार रहेगा। फिल्म का ट्रेलर रिलीज हो चुका है और 14 अगस्त को यह आपके नजदीकी सिनेमाघरों में रिलीज होगी।”
बंटवारे की दर्दनाक कहानी पर आधारित है फिल्म
'बंटवारा 1947' भारत के विभाजन की पृष्ठभूमि पर आधारित एक भावनात्मक कहानी है। फिल्म बंटवारे के दौरान लोगों के दर्द, बिछड़ते परिवारों और इंसानियत की मिसाल को बड़े पर्दे पर पेश करेगी। मेकर्स का दावा है कि यह सिर्फ इतिहास नहीं, बल्कि उम्मीद, प्यार और मानवीय संवेदनाओं की कहानी भी है।
फिल्म के ट्रेलर को दर्शकों से सकारात्मक प्रतिक्रिया मिली है और इसे साल 2026 की सबसे चर्चित और भावनात्मक फिल्मों में गिना जा रहा है।
दमदार स्टारकास्ट और मजबूत टीम
फिल्म में शबाना आज़मी, सनी देओल, प्रीति जी जिंटा, करण देओल, अली फज़ल और अभिमन्यु सिंह प्रमुख भूमिकाओं में नजर आएंगे। फिल्म का निर्देशन राजकुमार संतोषी ने किया है, जबकि संगीत ए. आर. रहमान ने दिया है और गीत जावेद अख्तर ने लिखे हैं। फिल्म को आमिर खान और अपर्णा पुरोहित ने प्रोड्यूस किया है।
'बंटवारा 1947' 14 अगस्त 2026 को दुनियाभर के सिनेमाघरों में रिलीज होगी।