

Copyright © 2026 rights reserved by Inkquest Media
अन्य समाचार

chhattisgarh worker deepak ratre killed in kulgam terror attack
रायपुर/कुलगाम। जम्मू-कश्मीर के कुलगाम जिले में हुए आतंकी हमले में छत्तीसगढ़ के एक मजदूर की मौत हो गई, जबकि एक अन्य मजदूर गंभीर रूप से घायल हो गया है। दक्षिण कश्मीर के केल्लाम इलाके में शुक्रवार शाम आतंकियों ने दो गैर-कश्मीरी मजदूरों को निशाना बनाते हुए फायरिंग की थी। इस हमले में छत्तीसगढ़ के 24 वर्षीय दीपक रात्रे की मौत हो गई।
जानकारी के मुताबिक, मृतक दीपक रात्रे छत्तीसगढ़ के निवासी थे और मजदूरी के लिए जम्मू-कश्मीर गए हुए थे। शुक्रवार रात करीब 8:30 बजे केल्लाम इलाके में आतंकियों ने उन पर और उनके साथी भोपिंदर पर अचानक गोलीबारी कर दी। हमले में दोनों गंभीर रूप से घायल हो गए, जिन्हें तत्काल अस्पताल पहुंचाया गया। डॉक्टरों ने दीपक रात्रे को मृत घोषित कर दिया, जबकि घायल भोपिंदर को बेहतर इलाज के लिए जीएमसी अनंतनाग रेफर किया गया है।
3 से 4 राउंड फायरिंग, इलाके में सर्च ऑपरेशन जारी
प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार, हमले के दौरान करीब 3 से 4 राउंड गोलियां चलने की आवाज सुनी गई। घटना के बाद सुरक्षा बलों ने पूरे इलाके को घेर लिया है और आतंकियों की तलाश में व्यापक सर्च ऑपरेशन शुरू कर दिया गया है।
उपराज्यपाल मनोज सिन्हा ने की हमले की निंदा
जम्मू-कश्मीर के उपराज्यपाल मनोज सिन्हा ने कुलगाम हमले की कड़ी निंदा की है। उन्होंने डीजीपी नलिन प्रभात और वरिष्ठ सुरक्षा अधिकारियों से बात कर घटना की जानकारी ली। उन्होंने सुरक्षा बलों को आतंकियों के खिलाफ अभियान तेज करने और हमलावरों को जल्द पकड़ने के निर्देश दिए हैं।

मनोज सिन्हा ने मृतक मजदूर के परिवार के प्रति संवेदना व्यक्त करते हुए कहा कि प्रशासन पीड़ित परिवारों के साथ खड़ा है। वहीं घायल मजदूर के जल्द स्वस्थ होने की कामना की है।
छत्तीसगढ़ में शोक की लहर
कुलगाम हमले में छत्तीसगढ़ के मजदूर की मौत की खबर सामने आने के बाद परिवार और गांव में शोक का माहौल है। दीपक रात्रे की मौत से परिजनों पर दुखों का पहाड़ टूट पड़ा है। वहीं प्रशासन की ओर से भी घटना की जानकारी जुटाई जा रही है।