

Copyright © 2026 rights reserved by Inkquest Media
अन्य समाचार

surajpur girl climbs police station radio tower over boyfriend dispute
सूरजपुर। छत्तीसगढ़ के सूरजपुर जिले के चांदनी थाना क्षेत्र में शनिवार को उस समय अफरा-तफरी मच गई, जब एक युवती अपने प्रेमी से नाराज होकर थाना परिसर में लगे रेडियो टावर पर चढ़ गई। युवती को टावर पर चढ़ा देख पुलिसकर्मियों और वहां मौजूद लोगों में हड़कंप मच गया। सूचना मिलते ही वरिष्ठ पुलिस अधिकारी मौके पर पहुंचे और उसे सुरक्षित नीचे उतारने के प्रयास शुरू किए।
पुलिस के अनुसार, युवती ने अपने प्रेमी के खिलाफ शिकायत दर्ज कराई थी। इसी मामले में बयान दर्ज कराने के लिए उसे चांदनी थाने बुलाया गया था। बयान की प्रक्रिया के दौरान अचानक वह बाहर निकली और थाना परिसर में लगे रेडियो टावर पर चढ़ गई।
प्रेमी से संपर्क नहीं होने पर नाराज थी युवती
बताया जा रहा है कि युवती का आरोप था कि उसका प्रेमी उससे बात नहीं कर रहा है और उसका मोबाइल फोन भी बंद है। वह पुलिस से प्रेमी को बुलाकर दोनों की शादी कराने की मांग कर रही थी।
परिजन और जनप्रतिनिधि भी पहुंचे
घटना की जानकारी मिलते ही युवती के परिजन, गांव के सरपंच और उपसरपंच भी थाने पहुंचे। सभी ने मिलकर युवती को समझाने की कोशिश की। पुलिस अधिकारियों ने भी लगातार बातचीत कर उसे शांत करने का प्रयास किया।
दो घंटे बाद सुरक्षित उतारी गई
अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक योगेश कुमार देवांगन ने बताया कि युवती का किसी बात को लेकर अपने प्रेमी से विवाद हुआ था। थाने में बातचीत के दौरान वह अचानक बाहर निकलकर रेडियो टावर पर चढ़ गई। करीब दो घंटे तक चली समझाइश और मशक्कत के बाद पुलिसकर्मियों ने उसे सुरक्षित नीचे उतार लिया।
पुलिस ने युवती को समझाइश देने के बाद उसके परिजनों के सुपुर्द कर दिया है। मामले में आवश्यक वैधानिक कार्रवाई की जा रही है और दोनों पक्षों से बातचीत कर आगे की प्रक्रिया पूरी की जाएगी।