

Copyright © 2026 rights reserved by Inkquest Media
अन्य समाचार

bhandara road accident chhattisgarh 9 killed bhupesh baghel condolence
भंडारा। महाराष्ट्र के भंडारा जिले में आधी रात एक भीषण सड़क हादसे में छत्तीसगढ़ के 9 लोगों की दर्दनाक मौत हो गई। मृतकों में तीन छोटे बच्चे भी शामिल हैं। हादसे में 9 अन्य लोग गंभीर रूप से घायल हुए हैं, जिनका इलाज भंडारा जिला अस्पताल में जारी है। दुर्घटना की खबर से छत्तीसगढ़ और महाराष्ट्र में शोक की लहर है।
जानकारी के मुताबिक, यह हादसा नागपुर-रायपुर राष्ट्रीय राजमार्ग पर लखनी तालुका के पिंपलगांव रोड स्थित भाऊ ढाबा के पास हुआ। यहां छत्तीसगढ़ से नागपुर जा रही पिकअप वैन की ट्रक से जोरदार टक्कर हो गई। बताया जा रहा है कि पिकअप में कुल 19 महिलाएं और बच्चे सवार थे, जो पोला उत्सव में शामिल होने के लिए नागपुर जा रहे थे।
टक्कर इतनी जबरदस्त कि पिकअप के उड़े परखच्चे
हादसा इतना भीषण था कि पिकअप वैन का अगला हिस्सा बुरी तरह क्षतिग्रस्त हो गया। टक्कर के बाद वाहन में सवार लोगों को गंभीर चोटें आईं। हादसे में 8 लोगों की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि एक महिला ने अस्पताल में इलाज के दौरान दम तोड़ दिया। इस तरह मृतकों की संख्या बढ़कर 9 हो गई।
मृतकों में तीन मासूम बच्चों के शामिल होने की जानकारी सामने आई है। वहीं, हादसे में घायल 9 लोगों को तत्काल अस्पताल पहुंचाया गया, जहां उनका उपचार चल रहा है। घायलों की हालत गंभीर बताई जा रही है।
पोला उत्सव में शामिल होने जा रहे थे
बताया जा रहा है कि छत्तीसगढ़ के लोग महाराष्ट्र के पोला उत्सव में शामिल होने के लिए पिकअप वाहन से नागपुर की ओर रवाना हुए थे। इसी दौरान आधी रात के वक्त पिंपलगांव रोड पर यह दर्दनाक हादसा हो गया।
हादसे में शामिल ट्रक का नंबर UP 72 BT 7974 बताया गया है। प्रारंभिक जानकारी के अनुसार पिकअप और ट्रक के बीच जोरदार टक्कर हुई। दुर्घटना के कारणों को लेकर पुलिस की जांच जारी है।
हादसे पर सीएम विष्णु देव साय ने जताया दुख
महाराष्ट्र के भंडारा में हुए हादसे पर शोक जताते हुए सीएम साय ने कहा कि ये बहुत दुखद घटना है। हादसे में जिन लोगों की जान गई है, उनके परिवार वालों के प्रति हम संवेदना प्रकट करते हैं।
महाराष्ट्र के भंडारा जिले में नागपुर-रायपुर राष्ट्रीय राजमार्ग पर हुई भीषण सड़क दुर्घटना में छत्तीसगढ़ के कई नागरिकों, जिनमें छोटे बच्चे भी शामिल हैं, के असामयिक निधन का समाचार अत्यंत दुःखद और हृदयविदारक है. दिवंगत आत्माओं को विनम्र श्रद्धांजलि अर्पित करता हूँ. शोक की इस कठिन घड़ी में मेरी संवेदनाएं पीड़ित परिवारों के साथ हैं. ईश्वर शोकसंतप्त परिजनों को इस अपार दुःख को सहन करने की शक्ति प्रदान करें. दुर्घटना में घायल नागरिकों के समुचित उपचार एवं प्रभावित परिवारों को आवश्यक सहायता उपलब्ध कराने के लिए छत्तीसगढ़ से अधिकारियों की एक टीम घटनास्थल के लिए भेज दी गई है. महाराष्ट्र सरकार एवं स्थानीय प्रशासन से भी निरंतर समन्वय किया जा रहा है. छत्तीसगढ़ सरकार इस कठिन समय में प्रभावित परिवारों के साथ पूरी संवेदनशीलता से खड़ी है और उन्हें हरसंभव सहायता प्रदान की जाएगी: विष्णु देव साय, मुख्यमंत्री

भूपेश बघेल ने जताया दुख
हादसे में छत्तीसगढ़ के 9 लोगों की मौत पर पूर्व मुख्यमंत्री भूपेश बघेल ने गहरा दुख जताया है। उन्होंने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म X पर शोक व्यक्त करते हुए कहा कि महाराष्ट्र के भंडारा में नागपुर-रायपुर राष्ट्रीय राजमार्ग पर हुए भीषण सड़क हादसे में छत्तीसगढ़ के 9 लोगों के आकस्मिक निधन का समाचार अत्यंत पीड़ादायक और हृदयविदारक है।

उन्होंने दिवंगतों के परिजनों के प्रति गहरी संवेदना व्यक्त करते हुए ईश्वर से दिवंगत आत्माओं की शांति और शोकाकुल परिवारों को इस अपार दुख को सहन करने की शक्ति देने की प्रार्थना की। साथ ही उन्होंने हादसे में घायल सभी लोगों के जल्द स्वस्थ होने की कामना की।
फिलहाल पुलिस हादसे की परिस्थितियों की जांच कर रही है। दुर्घटना के बाद हाईवे पर कुछ समय के लिए अफरा-तफरी का माहौल रहा। हादसे में जान गंवाने वाले लोगों की पहचान और दुर्घटना के विस्तृत कारणों को लेकर स्थानीय प्रशासन की ओर से जानकारी जुटाई जा रही है।