

Copyright © 2026 rights reserved by Inkquest Media
अन्य समाचार

bhilai chandra maurya chowk road accident two dead
रायपुर। छत्तीसगढ़ की इस्पात नगरी भिलाई में रफ्तार का कहर एक बार फिर जानलेवा साबित हुआ है। रविवार को भिलाई के व्यस्ततम चंद्रा मौर्या चौक के पास एक बेहद भीषण और दर्दनाक सड़क हादसा हो गया। एक तेज रफ्तार कार और बाइक के बीच हुई इस सीधी भिड़ंत में बाइक सवार दो युवकों की मौके पर ही मौत हो गई। वहीं, हादसे में कार चालक भी गंभीर रूप से घायल हुआ है, जिसे इलाज के लिए अस्पताल में भर्ती कराया गया है। टक्कर इतनी जबरदस्त थी कि बाइक के परखच्चे उड़ गए और घटना के बाद सड़क पर अफरा-तफरी मच गई।
मिली जानकारी के अनुसार, मृतक दोनों युवक रायपुर के रहने वाले थे और किसी काम से बाइक पर सवार होकर निकले थे। इसी दौरान जैसे ही वे भिलाई के चंद्रा मौर्या चौक के पास पहुंचे, सामने से आ रही एक तेज रफ्तार कार ने उनकी बाइक को जोरदार टक्कर मार दी। चश्मदीदों के मुताबिक, टक्कर इतनी भीषण थी कि दोनों युवक हवा में उछलकर काफी दूर सड़क पर जा गिरे।
इस भयानक हादसे में दोनों युवकों के सिर, हाथ-पैर और शरीर के अन्य हिस्सों में गंभीर चोटें आईं। अत्यधिक खून बह जाने के कारण दोनों ने मौके पर ही दम तोड़ दिया। वहीं, दुर्घटना में कार चालक को भी गंभीर चोटें आई हैं। घटना के तुरंत बाद स्थानीय लोगों की मदद से घायल कार चालक को अस्पताल भिजवाया गया, जहां उसकी हालत गंभीर बनी हुई है।
भीषण हादसे के बाद मौके पर लोगों की भारी भीड़ जमा हो गई, जिसके कारण हाईवे पर लंबा जाम लग गया। घटना की सूचना मिलते ही भिलाई पुलिस की टीम तुरंत मौके पर पहुंची। पुलिस ने स्थिति को संभालते हुए दोनों शवों को पंचनामा कर पोस्टमार्टम के लिए भिजवाया। इसके बाद दुर्घटनाग्रस्त वाहनों को सड़क से हटाकर यातायात व्यवस्था को दोबारा बहाल कराया गया। फिलहाल भिलाई पुलिस मर्ग कायम कर मामले की विस्तृत जांच में जुट गई है।