

Copyright © 2026 rights reserved by Inkquest Media
अन्य समाचार

bhilai online trading scam 45 lakh fraud
भिलाई। भिलाई के हुडको क्षेत्र में रहने वाले भिलाई इस्पात संयंत्र (BSP) के सेवानिवृत्त कर्मचारी जयंत बागची ऑनलाइन ट्रेडिंग के नाम पर 45 लाख 18 हजार 998 रुपये की बड़ी ठगी का शिकार हो गए। आरोपितों ने Facebook पर वायरल वीडियो दिखाकर उन्हें निवेश के लिए झांसे में लिया। इस मामले में भिलाई नगर पुलिस ने धारा 318(4) के तहत अपराध दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।
पीड़ित ने पुलिस को बताया कि 10 मार्च 2026 को वे फेसबुक देख रहे थे, तभी उन्हें वीडियो दिखाई दिया जिसमें देश की वित्त मंत्री Nirmala Sitharaman, क्रिकेटर Sachin Tendulkar और समाजसेवी Sudha Murty के नाम से निवेश से जुड़ी बातें बताई जा रही थीं। इन वीडियो से प्रभावित होकर उन्होंने दिए गए लिंक पर रजिस्ट्रेशन कर लिया।
शुरुआत में कृतिका नाम की महिला ने पंजीयन के लिए 18,999 रुपये मांगे, जिसे पीड़ित ने नेट बैंकिंग से भेज दिया। इसके बाद उसे सिद्धार्थ विपुल नामक कथित अकाउंट मैनेजर से जोड़ा गया, जिसने खुद को अंतरराष्ट्रीय ट्रेडिंग नेटवर्क से जुड़ा बताया। कुछ दिन बाद करण तनेजा नामक व्यक्ति ने व्हाट्सएप के जरिए संपर्क कर सोना और ऑयल ट्रेडिंग में भारी मुनाफे का लालच दिया।
झांसे में आकर पीड़ित ने अलग-अलग तिथियों में बड़ी रकम निवेश की, जिसमें 27 मार्च को आरटीजीएस के माध्यम से 25 लाख रुपये भी शामिल हैं। भरोसा जीतने के लिए आरोपितों ने बीच-बीच में पीड़ित के खाते में छोटी रकम (9,229 रुपये और 2 लाख रुपये) भी ट्रांसफर की।
टैक्स के नाम पर मांगे 12 लाख, तब हुआ ठगी का एहसास
16 अप्रैल को जब पीड़ित ने अपनी पूरी रकम वापस मांगी तो आरोपितों ने बताया कि उसे 2.71 लाख अमेरिकी डॉलर का मुनाफा हुआ है। इसके बाद पैसे निकालने के नाम पर 15% टैक्स (करीब 34 लाख रुपये) जमा करने की मांग की गई, जिसे बाद में घटाकर 12 लाख रुपये कर दिया गया। रकम अरुणाचल प्रदेश के एक बैंक खाते में जमा करने को कहा गया, जिसके बाद पीड़ित को ठगी का अहसास हुआ।
भिलाई नगर पुलिस ने लोगों से अपील की है कि सोशल मीडिया पर दिखने वाले निवेश संबंधी वीडियो और लिंक पर बिना जांच-परख भरोसा न करें। किसी भी अनजान व्यक्ति या प्लेटफॉर्म पर बड़ी रकम निवेश करने से पहले उसकी वैधता की पुष्टि जरूर करें।