

Copyright © 2026 rights reserved by Inkquest Media
अन्य समाचार

BJP's victory in Assam sparks political backlash in Chhattisgarh: BJP releases poster targeting Bhupesh Baghel
रायपुर। असम में भाजपा की ऐतिहासिक जीत के बाद छत्तीसगढ़ की राजनीति भी गरमा गई है। कांग्रेस की हार को लेकर बीजेपी ने सोशल मीडिया पर पोस्टर जारी करते हुए पूर्व मुख्यमंत्री भुपेश बघेल पर निशाना साधा है। पोस्टर में लिखा गया कि “भूपेश बघेल को जहां-जहां जिम्मेदारी मिली, वहां-वहां कांग्रेस बुरी तरह हारी।”
बीजेपी नेता बोले- जहां जिम्मेदारी, वहां कांग्रेस की हार
भाजपा नेता संजय श्रीवास्तव ने कहा कि वे यह बात आज नहीं बल्कि पहले से कहते आ रहे हैं। उनका दावा है कि भूपेश बघेल को जिन-जिन राज्यों में चुनावी जिम्मेदारी दी गई, वहां कांग्रेस को हार का सामना करना पड़ा।
उन्होंने कहा कि पिछले चुनावों के नतीजे और वर्तमान परिणाम इसका उदाहरण हैं। साथ ही उन्होंने तंज कसते हुए कहा कि बीजेपी चाहती है कि आने वाले सभी चुनावों में कांग्रेस भूपेश बघेल को जिम्मेदारी दे, ताकि भाजपा की जीत का सिलसिला जारी रहे।
कांग्रेस ने पलटवार करते हुए बीजेपी पर साधा निशाना
वहीं बीजेपी के पोस्टर पर कांग्रेस ने भी तीखी प्रतिक्रिया दी है। कांग्रेस संचार प्रमुख सुशील आनंद शुक्ला ने कहा कि चुनाव परिणाम के बाद बीजेपी द्वारा जारी पोस्टर उनकी झुंझलाहट और भूपेश बघेल के प्रति डर को दर्शाता है।
‘भूपेश बघेल के कद का नेता बीजेपी के पास नहीं’
सुशील आनंद शुक्ला ने कहा कि छत्तीसगढ़ में बीजेपी के पास भूपेश बघेल के कद का कोई नेता नहीं है। उन्होंने आरोप लगाया कि बीजेपी लगातार पोस्टर और फर्जी एआई वीडियो बनाकर उनकी छवि खराब करने की कोशिश कर रही है। उन्होंने कहा कि बीजेपी जानती है कि वह भूपेश बघेल का सीधे मुकाबला नहीं कर सकती। कांग्रेस नेता ने यह भी दावा किया कि भूपेश बघेल के नेतृत्व में हिमाचल प्रदेश में कांग्रेस सरकार बनी थी।
पोस्टर वार से फिर गरमाई प्रदेश की राजनीति
असम चुनाव परिणाम के बाद शुरू हुआ यह पोस्टर वार अब छत्तीसगढ़ की राजनीति में नई बहस का कारण बन गया है। दोनों दल एक-दूसरे पर लगातार हमला बोल रहे हैं और आने वाले चुनावों को लेकर राजनीतिक बयानबाजी तेज होती नजर आ रही है।