

Copyright © 2026 rights reserved by Inkquest Media
अन्य समाचार

bhoramdev-corridor-project-review-vijay-sharma
कवर्धा। विजय शर्मा ने आज भोरमदेव मंदिर परिसर में प्रस्तावित भोरमदेव कॉरिडोर निर्माण कार्यों की मैराथन समीक्षा बैठक ली। इस दौरान उन्होंने विभिन्न विभागों और ठेकेदारों से अब तक हुए कार्यों की प्रगति की विस्तृत जानकारी ली और गुणवत्ता व तय समयसीमा में काम पूरा करने के सख्त निर्देश दिए।
बैठक में मुख्य मंदिर परिसर के उन्नयन, सरोवर सौंदर्यीकरण, मड़वा महल, छेरकी महल, रामचुवा, सरोदा डैम और पार्किंग क्षेत्र में चल रहे कार्यों की बारीकी से समीक्षा की गई। उप मुख्यमंत्री ने स्पष्ट कहा कि सभी कार्यों की निगरानी दो प्रमुख आधारों गुणवत्ता और समयसीमा पर की जाएगी।
उन्होंने बताया कि जिला स्तर पर निगरानी समिति का गठन किया गया है, जो हर सोमवार कार्यस्थलों का निरीक्षण कर प्रगति की समीक्षा करेगी। सभी ठेकेदारों को 15-15 दिन की कार्य योजना प्रस्तुत करने के निर्देश दिए गए हैं। साथ ही प्रोजेक्ट इंचार्ज और इंजीनियरों की अनिवार्य उपस्थिति सुनिश्चित करने को कहा गया है। लापरवाही बरतने पर कड़ी कार्रवाई की चेतावनी भी दी गई।
उप मुख्यमंत्री ने मंदिर परिसर के सौंदर्यीकरण को लेकर विशेष दिशा-निर्देश दिए। उन्होंने पेड़ों के आसपास श्रद्धालुओं के बैठने के लिए चबूतरे बनाने, भव्य प्रवेश द्वार और खंभों में फनी नागवंशी स्थापत्य शैली की झलक शामिल करने तथा लकड़ी के दरवाजों पर पारंपरिक नक्काशी कराने को कहा।
सरोवर क्षेत्र में पिचिंग और लाइनिंग कार्य उच्च तकनीकी मानकों के अनुसार करने, घाटों पर सीढ़ियां और शेड बनाने तथा आकर्षक स्ट्रीट लाइट लगाने के निर्देश भी दिए गए, ताकि श्रद्धालुओं को बेहतर सुविधाएं मिल सकें।
इसके अलावा विश्राम स्थलों में पर्याप्त रोशनी और हवा के लिए उपयुक्त डिजाइन, स्थानीय लोक संस्कृति को दर्शाने वाली कलाकृतियों की स्थापना, पार्किंग में सुव्यवस्थित यातायात और मजबूत फ्लोरिंग, तथा पेयजल और शौचालय जैसी मूलभूत सुविधाओं पर विशेष ध्यान देने को कहा गया।
मड़वा महल, छेरकी महल और रामचुवा में निर्माण कार्यों की प्रगति की भी समीक्षा की गई। वहीं सरोदा डैम में कैफेटेरिया, सीढ़ियां, व्यू प्वाइंट और सौंदर्यीकरण कार्यों को लेकर विस्तृत कार्ययोजना पर चर्चा हुई।