

Copyright © 2026 rights reserved by Inkquest Media
अन्य समाचार

bhoramdev padayatra 2026 vijay sharma kabirdham sawan first monday
रायपुर। श्रावण मास के प्रथम सोमवार पर कबीरधाम जिले का प्रसिद्ध बाबा भोरमदेव धाम पूरी तरह शिवमय हो गया। ऐतिहासिक और धार्मिक महत्व वाले बाबा भोरमदेव मंदिर तक निकली पारंपरिक पदयात्रा में उपमुख्यमंत्री विजय शर्मा सहित हजारों श्रद्धालुओं ने उत्साह और भक्तिभाव के साथ भाग लिया। पूरे मार्ग में "हर-हर महादेव" और "बोल-बम" के जयघोष गूंजते रहे, जिससे वातावरण भक्तिमय हो उठा।

पदयात्रा की शुरुआत से पहले विजय शर्मा ने पंचमुखी बूढ़ा महादेव मंदिर में वैदिक मंत्रोच्चार के बीच विधिवत पूजा-अर्चना की और प्रदेश की सुख-समृद्धि एवं खुशहाली की कामना की। इसके बाद उन्होंने भगवा ध्वज हाथ में लेकर लगभग 18 किलोमीटर लंबी पदयात्रा का शुभारंभ किया, जिसमें बड़ी संख्या में श्रद्धालु, कांवड़िये, महिलाएं, युवा और बुजुर्ग शामिल हुए।
भोरमदेव धाम छत्तीसगढ़ की सांस्कृतिक पहचान : विजय शर्मा
उपमुख्यमंत्री विजय शर्मा ने कहा कि श्रावण मास का पहला सोमवार भगवान शिव की आराधना का विशेष अवसर होता है। उन्होंने कहा कि बाबा भोरमदेव धाम केवल एक प्राचीन मंदिर नहीं, बल्कि छत्तीसगढ़ की ऐतिहासिक, धार्मिक और सांस्कृतिक विरासत का महत्वपूर्ण प्रतीक है। राज्य सरकार इस पवित्र धाम के संरक्षण, विकास और श्रद्धालुओं की सुविधाओं के विस्तार के लिए लगातार कार्य कर रही है।

उन्होंने सभी श्रद्धालुओं को श्रावण मास की शुभकामनाएं देते हुए प्रदेशवासियों के सुख, शांति और समृद्धि की कामना की। साथ ही पदयात्रा को सफल बनाने में सहयोग देने वाले जनप्रतिनिधियों, सामाजिक संगठनों, प्रशासनिक अधिकारियों, कर्मचारियों और स्वयंसेवकों का आभार भी व्यक्त किया।
18 किलोमीटर तक श्रद्धालुओं का हुआ भव्य स्वागत
कवर्धा से भोरमदेव मंदिर तक निकली पदयात्रा के दौरान विभिन्न सामाजिक संगठनों, ग्राम पंचायतों और स्थानीय नागरिकों ने जगह-जगह श्रद्धालुओं का पुष्पगुच्छ, मालाएं और तिलक लगाकर स्वागत किया। वन विभाग, इंजीनियर एसोसिएशन, जिला प्रेस क्लब, ज्वाइन हैंड्स, ट्रक मालिक संघ, प्राइवेट स्कूल संघ सहित कई संस्थाओं ने सेवा शिविर लगाकर चाय, कॉफी, नाश्ता, जूस, शरबत, नींबू पानी, खीर-पूड़ी और फलों का वितरण किया।

भक्ति और उत्साह से सराबोर रही पदयात्रा
वर्ष 2008 से लगातार आयोजित हो रही बाबा भोरमदेव पदयात्रा में इस वर्ष भी आस्था का जनसैलाब देखने को मिला। पंचमुखी बूढ़ा महादेव मंदिर से बाबा भोरमदेव मंदिर तक निकली यात्रा में हजारों श्रद्धालुओं ने पूरे उत्साह के साथ भाग लिया। हर-हर महादेव और बोल-बम के जयघोष से पूरा मार्ग गूंजता रहा।
शिव परिवार की झांकियां बनीं आकर्षण का केंद्र
पदयात्रा के दौरान भगवान शिव, माता पार्वती, गणेश, नंदी और शिव परिवार पर आधारित आकर्षक झांकियां लोगों के आकर्षण का केंद्र रहीं। भजन-कीर्तन और धार्मिक प्रस्तुतियों ने पूरे वातावरण को शिवमय बना दिया। श्रद्धालुओं ने झांकियों का स्वागत कर उनकी भव्यता की सराहना की।

'बेटी बचाओ-बेटी पढ़ाओ' अभियान का दिया संदेश
पदयात्रा के दौरान समनापुर के समीप महिला एवं बाल विकास विभाग द्वारा लगाए गए 'बेटी बचाओ-बेटी पढ़ाओ' जागरूकता स्टॉल का भी विजय शर्मा ने अवलोकन किया। उन्होंने अभियान की सराहना करते हुए बेटियों की शिक्षा, सुरक्षा और सम्मान का संदेश समाज के हर वर्ग तक पहुंचाने की आवश्यकता पर जोर दिया।

इस अवसर पर पूर्व संसदीय सचिव डॉ. सियाराम साहू, मोतीराम चंद्रवंशी, गौ सेवा आयोग के अध्यक्ष बिसेसर पटेल, कृषक कल्याण बोर्ड के अध्यक्ष सुरेश चंद्रवंशी, जिला पंचायत अध्यक्ष ईश्वरी साहू, उपाध्यक्ष कैलाश चंद्रवंशी, नगर पालिका अध्यक्ष चंद्रप्रकाश चंद्रवंशी, कलेक्टर गोपाल वर्मा, जिला पंचायत सीईओ अभिषेक अग्रवाल सहित अनेक जनप्रतिनिधि, प्रशासनिक अधिकारी, सामाजिक संगठन, स्कूली बच्चे और हजारों श्रद्धालु उपस्थित रहे।