

Copyright © 2026 rights reserved by Inkquest Media
अन्य समाचार

Bhoramdev Saras Mela
कवर्धा। कबीरधाम जिले के विश्व प्रसिद्ध भोरमदेव मंदिर चौरा में सोमवार से पांच दिवसीय संभागीय सरस मेले की शुरुआत हो गई। मेले का उद्घाटन उपमुख्यमंत्री विजय शर्मा ने किया। इस अवसर पर उन्होंने कहा कि संभागीय सरस मेला ग्रामीण महिलाओं की उद्यमिता को बढ़ावा देने और स्व-सहायता समूहों को आर्थिक रूप से सशक्त बनाने का प्रभावी माध्यम है। उन्होंने कहा कि ऐसे आयोजन ग्रामीण अर्थव्यवस्था को मजबूती देने के साथ-साथ स्थानीय उत्पादों को व्यापक बाजार उपलब्ध कराते हैं।

उद्घाटन के बाद उपमुख्यमंत्री ने मेले में लगे विभिन्न स्टॉलों का अवलोकन किया और महिला स्व-सहायता समूहों द्वारा तैयार किए गए उत्पादों की जानकारी ली। उन्होंने समूहों से खरीदारी कर उनका उत्साहवर्धन किया और सफल व्यवसाय के लिए शुभकामनाएं दीं।
कार्यक्रम में छत्तीसगढ़ गौ सेवा आयोग के अध्यक्ष बिसेसर पटेल, जिला पंचायत अध्यक्ष ईश्वरी साहू, जिला पंचायत उपाध्यक्ष कैलाश चंद्रवंशी, जिला पंचायत सदस्य राम कुमार भट्ट, वीरेंद्र साहू, लोकचंद साहू, संतोष पटेल, विदेशी राम धुर्वे, कलेक्टर गोपाल वर्मा, जिला पंचायत के मुख्य कार्यपालन अधिकारी अभिषेक अग्रवाल सहित जनप्रतिनिधि, अधिकारी, स्व-सहायता समूह की महिलाएं और बड़ी संख्या में ग्रामीण उपस्थित रहे।

कलेक्टर गोपाल वर्मा ने बताया कि 6 अगस्त तक चलने वाले इस मेले में 50 से अधिक स्टॉल लगाए गए हैं। यहां मिलेट उत्पाद, जैविक खाद्य सामग्री, वनोपज आधारित उत्पाद, हस्तशिल्प, हथकरघा सामग्री, बांस एवं बेंत से बने उत्पाद, पारंपरिक परिधान, घरेलू सजावटी वस्तुएं और अन्य स्वदेशी उत्पाद किफायती दरों पर उपलब्ध हैं।
मुख्य कार्यपालन अधिकारी अभिषेक अग्रवाल ने बताया कि मेले का उद्देश्य महिला स्व-सहायता समूहों द्वारा तैयार उत्पादों को बेहतर बाजार उपलब्ध कराना है। उन्होंने जिलेवासियों से सावन माह में बाबा भोरमदेव के दर्शन के साथ सरस मेले का भी लाभ उठाने की अपील की।

सांस्कृतिक प्रस्तुतियों ने बांधा समां
मेले के उद्घाटन अवसर पर प्रसिद्ध पंडवानी गायिका तरुणा साहू ने द्रौपदी चीरहरण सहित महाभारत के विभिन्न प्रसंगों की प्रभावशाली प्रस्तुति दी, जिसे दर्शकों ने खूब सराहा। वहीं स्वामी आत्मानंद इंग्लिश स्कूल, बोड़ला के विद्यार्थियों ने शिव तांडव नृत्य प्रस्तुत कर सभी का मन मोह लिया।
इन जिलों के समूह पहुंचे मेले में
संभागीय सरस मेले में कबीरधाम, दुर्ग, बालोद, राजनांदगांव, बेमेतरा, मोहला-मानपुर-अंबागढ़ चौकी और खैरागढ़-छुईखदान-गंडई सहित अन्य जिलों के महिला स्व-सहायता समूहों ने अपने उत्पादों के स्टॉल लगाए हैं। यहां हल्दी, मिर्च, धनिया, कोदो-कुटकी, ब्लैक राइस, महुआ, आम और नींबू के अचार, पापड़, अगरबत्ती, दोना-पत्तल, बैग, श्रृंगार सामग्री और हस्तनिर्मित घरेलू उपयोग की अनेक वस्तुएं बिक्री के लिए उपलब्ध हैं।
