

Copyright © 2026 rights reserved by Inkquest Media
अन्य समाचार

bilaspur-brown-sugar-smuggling-professor-son-arrested
बिलासपुर। सकरी पुलिस ने मेंड्रा रोड पर घेराबंदी कर एक युवक को ब्राउन शुगर के साथ गिरफ्तार किया है। पूछताछ के बाद पुलिस ने मंगला क्षेत्र के अभिषेक नगर में दबिश देकर एक अन्य आरोपित को पकड़ा है। मामले का कथित मास्टरमाइंड पहले से ही आर्म्स एक्ट के प्रकरण में जेल में बंद है। अब पुलिस उसे न्यायालय की अनुमति से इस मामले में गिरफ्तार करेगी।
सिविल लाइन सीएसपी निमितेष सिंह के अनुसार, सकरी पुलिस को सूचना मिली थी कि एक युवक मेंड्रा रोड पर नशीली ब्राउन शुगर बेचने के लिए ग्राहक का इंतजार कर रहा है। सूचना के आधार पर पुलिस टीम ने मौके पर घेराबंदी कर हामिद अंसारी (33) को पकड़ा। तलाशी लेने पर उसकी जेब से जिपर पैकेट में 840 मिलीग्राम ब्राउन शुगर बरामद की गई।
पूछताछ के दौरान आरोपित ने बताया कि रामा लाइफ कॉलोनी निवासी ईशान मंडलोई और मंगला के अभिषेक नगर निवासी अमन तिवारी प्रयागराज से पिस्टल और ब्राउन शुगर लेकर आए थे। वह ईशान से ब्राउन शुगर लेकर उसकी बिक्री कर रहा था।
जानकारी के आधार पर पुलिस ने दोनों के ठिकानों पर दबिश दी। ईशान के घर से करीब 25 ग्राम गांजा बरामद कर जब्त किया गया। हालांकि तलाशी के दौरान पिस्टल बरामद नहीं हुई।
पुलिस के अनुसार, आरोपित ईशान मंडलोई दो दिन पहले ही आर्म्स एक्ट के मामले में गिरफ्तार किया गया था और फिलहाल जेल में बंद है। अब पुलिस उसे न्यायालय से अनुमति लेकर एनडीपीएस एक्ट के तहत गिरफ्तार कर ब्राउन शुगर प्रकरण में पूछताछ करेगी।
बताया जा रहा है कि ईशान मंडलोई की मां प्रतिमा मंडलोई मुंगेली जिले के पथरिया ब्लॉक में बीईओ के पद पर कार्यरत हैं, जबकि उसके पिता बंशीलाल मंडलोई सेवानिवृत्त प्रोफेसर हैं। पुलिस के मुताबिक, पढ़ाई के दौरान नशे की लत लगने के बाद वह आपराधिक गतिविधियों में शामिल हो गया।
फिलहाल पुलिस पूरे नेटवर्क की जांच में जुटी है और अन्य संभावित संलिप्त लोगों की तलाश की जा रही है।