

Copyright © 2026 rights reserved by Inkquest Media
अन्य समाचार

bilaspur dhanteras shopping 1000 crore business car sales firecracker market
बिलासपुर। धनतेरस के मौके पर बिलासपुर के बाजारों में जमकर धनवर्षा हुई। ऑटोमोबाइल से लेकर सराफा, बर्तन, इलेक्ट्रॉनिक्स और पटाखा बाजार तक दिनभर खरीदारों की भीड़ उमड़ी रही। कारोबारियों के अनुमान के मुताबिक, इस बार धनतेरस पर शहर में करीब 1000 करोड़ रुपए का कारोबार हुआ है। खास बात यह रही कि एक ही दिन में 500 से ज्यादा फोर व्हीलर यानी कारों की डिलीवरी हुई, जबकि करीब 200 कारों की नई बुकिंग भी की गई।
त्योहार को लेकर सुबह से ही बाजारों में रौनक देखने को मिली। शुभ मुहूर्त में खरीदारी करने के लिए लोग परिवार के साथ बाजार पहुंचे। सोने-चांदी की कीमतों में उतार-चढ़ाव के बावजूद सराफा बाजार में ग्राहकों का उत्साह कम नहीं हुआ। सोने-चांदी के सिक्कों और मूर्तियों के अलावा फैंसी ज्वेलरी आइटम की भी अच्छी मांग रही। सराफा दुकानों में देर रात करीब 12 बजे तक ग्राहकों की आवाजाही बनी रही।
ऑटोमोबाइल सेक्टर में भी जमकर हुई खरीदारी
धनतेरस पर वाहन खरीदने का क्रेज भी देखने को मिला। शहर के ऑटोमोबाइल शोरूम में सुबह से ही ग्राहकों की भीड़ जुटने लगी थी। दोपहिया वाहनों के साथ कारों की भी अच्छी बिक्री हुई। कारोबारियों के मुताबिक, एक ही दिन में 500 से अधिक कारों की डिलीवरी की गई, वहीं करीब 200 कारों की बुकिंग हुई। शुभ मुहूर्त में वाहन घर ले जाने के लिए ग्राहकों में खासा उत्साह नजर आया।
बर्तन और इलेक्ट्रॉनिक्स बाजार में भी रौनक
धनतेरस पर धातु खरीदना शुभ माना जाता है। इसी मान्यता के चलते गोलबाजार और शनिचरी बाजार के बर्तन दुकानों में सुबह से देर रात तक ग्राहकों की भीड़ रही। तांबे, पीतल और कांसे के बर्तनों की जमकर बिक्री हुई। लोगों ने अपनी जरूरत और पसंद के हिसाब से बर्तनों की खरीदारी की।
वहीं, तेलीपारा और जूना बिलासपुर के इलेक्ट्रॉनिक्स बाजारों में भी खूब रौनक रही। दिवाली की सजावट के लिए लोग रंग-बिरंगी और नई डिजाइन की लाइट खरीदते नजर आए। इसके अलावा टीवी, फ्रिज, वाशिंग मशीन समेत घरेलू उपयोग के इलेक्ट्रॉनिक सामानों की भी अच्छी बिक्री हुई।
पटाखा बाजार में 50 करोड़ से ज्यादा की बिक्री का दावा
दिवाली को लेकर शहर में अलग-अलग जगहों पर पटाखा बाजार सजाए गए हैं। शुक्रवार को सुबह से देर रात तक इन बाजारों में खरीदारों की भीड़ लगी रही। कारोबारियों ने एक ही दिन में 50 करोड़ रुपए से अधिक के पटाखों की बिक्री का दावा किया है।
इस बार बाजार में फैंसी पटाखों की कई नई किस्में उपलब्ध हैं। बच्चों के लिए पॉप-पॉप और चुटपुट के साथ फुलझड़ी, फ्लावर पॉट, रॉकेट, लड़ियां और बड़े बम भी लोगों की पसंद बने। शहर में मुंगेली नाका स्थित ग्रीन पार्क मैदान, रिवर व्यू रोड और बुधवारी बाजार में पटाखों की दुकानें लगाई गई हैं। इसके अलावा अलग-अलग चौक-चौराहों पर भी दुकानें सजी हुई हैं।
आज नरक चतुर्दशी, कल मनाई जाएगी दिवाली
खरीदारी के उत्साह के बीच अब शहर में नरक चतुर्दशी और दीपावली की तैयारियां भी तेज हो गई हैं। बिलासपुर में शनिवार को नरक चतुर्दशी और रविवार को दीपावली का पर्व उत्साह के साथ मनाया जाएगा। नरक चतुर्दशी को छोटी दिवाली भी कहा जाता है।
धार्मिक मान्यता के अनुसार, इसी दिन भगवान श्रीकृष्ण ने नरकासुर का वध कर लोगों को उसके अत्याचारों से मुक्ति दिलाई थी। इस दिन सुबह सूर्योदय से पहले स्नान करने, घर की साफ-सफाई करने और दीप जलाने की परंपरा है।
ज्योतिषाचार्य पंडित मनोज तिवारी के अनुसार, नरक चतुर्दशी पर भगवान श्रीकृष्ण, यमराज और हनुमान जी की पूजा का विशेष महत्व है। इस दिन घर के द्वार और कोनों में दीपक जलाए जाते हैं। यमराज के नाम से यम दीप जलाने की भी परंपरा है। धार्मिक मान्यता है कि इससे परिवार पर आने वाली विपदाओं से रक्षा होती है और घर में सुख-समृद्धि एवं शांति बनी रहती है।