

Copyright © 2026 rights reserved by Inkquest Media
अन्य समाचार

bilaspur-police-combo-operation-80-criminals-arrested
बिलासपुर। न्यायधानी में अपराध और अपराधियों के खिलाफ पुलिस ने शनिवार तड़के एक ऐसा निर्णायक प्रहार किया, जिसने समूचे जिले के बदमाशों में हड़कंप मचा दिया। SSP रजनेश सिंह के निर्देशन में चलाए गए इस विशेष 'कॉम्बो अभियान' के तहत जिले के सभी थानों की टीमों ने एक साथ दबिश देकर 80 आदतन अपराधियों को सलाखों के पीछे पहुंचा दिया है।
शनिवार सुबह जब शहर सो रहा था, तब पुलिस की अलग-अलग टीमें हिस्ट्रीशीटरों और गुंडे-बदमाशों के ठिकानों पर दस्तक दे रही थीं। पुलिस ने पिछले एक साल के रिकॉर्ड खंगालकर 250 आदतन अपराधियों की एक 'हिट लिस्ट' तैयार की थी। इनमें वे अपराधी शामिल थे जो जेल से छूटने के बाद दोबारा वारदातों में सक्रिय पाए गए। दबिश के दौरान 80 बदमाश पुलिस के हत्थे चढ़े, जिनमें से कई के पास से धारदार हथियार बरामद किए गए, वहीं कुछ नशे की हालत में पाए गए।
SSP रजनेश सिंह ने इस अभियान के जरिए अपराधियों को कड़ा संदेश दिया है। उन्होंने स्पष्ट किया कि पुलिस की कार्रवाई अब केवल गिरफ्तारी और जेल भेजने तक सीमित नहीं रहेगी। उन्होंने कहा “जो अपराधी बार-बार अपराध कर रहे हैं, उनकी अवैध कमाई और संपत्तियों की जांच शुरू कर दी गई है। दोबारा नाम आने पर प्रॉपर्टी जब्त (Attachement) करने की कार्रवाई की जाएगी। हमारा लक्ष्य अपराधियों को आर्थिक रूप से पंगु बनाना है।”
पुलिस अब अपराधियों की हर हरकत पर 'डिजिटल' और 'फिजिकल' दोनों तरह से नजर रख रही है। सोशल हिस्ट्रीशीटरों की ऑनलाइन एक्टिविटी और उनके संपर्कों को खंगाला जा रहा है। मोहल्लों और चौराहों पर तैनात बीट प्रभारी संदिग्धों की पूरी 'कुंडली' अपडेट कर रहे हैं। इस अभियान के अगले चरण में नशा तस्करों, अवैध खनन और भू-माफियाओं के साथ-साथ उन्हें संरक्षण देने वाले सफेदपोश चेहरों पर भी शिकंजा कसने की तैयारी है।
पकड़े गए सभी 80 बदमाशों के खिलाफ आर्म्स एक्ट और विभिन्न प्रतिबंधात्मक धाराओं के तहत कार्रवाई की गई है। शनिवार दोपहर तक सभी आरोपियों को कोर्ट में पेश करने के बाद जेल भेज दिया गया। पुलिस प्रशासन के इस सख्त रुख से आम जनता ने राहत की सांस ली है, वहीं आपराधिक गलियारों में सन्नाटा पसरा हुआ है।